'शर्मनाक और दुखद', पुंछ में वायुसेना के काफिले पर आतंकी हमले की कांग्रेस ने की निंदा
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवादी हमले में भारतीय वायु सेना के कर्मियों की मौत पर कांग्रेस ने शोक व्यक्त किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में, लिखा कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय वायुसेना के वाहन पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले से बहुत दुखी हूं। हम दृढ़ता से और स्पष्ट रूप से इस कायरतापूर्ण आतंकी हमले की निंदा करते हैं और आतंकवाद के खिलाफ देश के साथ मिलकर खड़े होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर वायु योद्धा के परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम आशा करते हैं कि घायल वायु योद्धा जल्द से जल्द ठीक हो जाएं और हम ईमानदारी से उनकी भलाई के लिए प्रार्थना करते हैं। भारत हमारे सैनिकों के लिए एकजुट है।

'आतंकी हमला बेहद शर्मनाक और दुखद'
इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी भारतीय वायु सेना के कर्मियों की मौत पर शोक व्यक्त किया। एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने वायुसेना के काफिले पर आतंकियों के हमले की निंदा करते हुए लिखा कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हमारी सेना के काफिले पर कायरतापूर्ण आतंकी हमला बेहद शर्मनाक और दुखद है।
आगे उन्होंने कहा कि मैं शहीद सैनिक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मुझे उम्मीद है कि हमले में घायल सैनिक जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे।
पुंछ में आतंकी हमला, एक जवान की मौत
जम्मू के पुंछ जिले में शनिवार शाम एक आतंकी हमले में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का एक जवान शहीद हो गया और चार अन्य घायल हो गए। जिस इलाके में हमला हुआ वह सीमावर्ती जिले सुरनकोट के सनाई टॉप और मेंढर के गुरसाई इलाके के बीच पड़ता है।
अधिकारियों ने कहा कि पुंछ जिले में भारतीय वायु सेना के वाहनों के काफिले पर आतंकवादियों ने हमला किया। घायल जवानों को भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से इलाज के लिए उधमपुर ले जाया गया, जहां उनमें से एक की मौत हो गई। सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी एवं घेराबंदी अभियान शुरू किया।












Click it and Unblock the Notifications