ब्लास्ट, गोलीबारी और हिंसा के बीच छत्तीसगढ़ में हुआ 63 फीसदी मतदान

राज्य में सोमवार के चुनाव में 143 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, उनकी किस्मत का फैसला लगभग 29 लाख मतदाता करेंगे। बस्तर में 12 और राजनांदगांव में छह सीटों के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। दोनों ही खनिज पदार्थो से संपन्न और घने जंगलों वाले इलाके हैं। ये नक्सलियों के गढ़ माने जाते हैं। दंतेवाड़ा में एक मतदान केंद्र पर संदिग्ध नक्सलियों द्वारा गोलीबारी शुरू करने पर मतदान 10-15 मिनट के लिए रोक दिया गया था।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान कांकेर जिले में हुए विस्फोट में घायल हो गया, जबकि बीजापुर में 10 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया। बस्तर क्षेत्र की 12 और राजनांदगांव की छह सीटों के लिए हो रहे चुनाव में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। 18 विधानसभा क्षेत्रों के 4,142 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जा रहा है। इनमें से 1,311 केंद्र अति संवेदनशील और 1,517 संवेदनशील बताए जा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक रामनिवास ने बताया कि बस्तर के अलग-अलग हिस्सों से 15 देसी बम बरामद किए गए हैं।
बीजापुर, सुकमा, कोंटा और अनंतगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में जंगली इलाकों में स्थित नौ केंद्रों पर नक्सलियों ने मतदान में बाधा डाली। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने टेलीविजन चैनलों को बताया कि यहां अच्छा मतदान हुआ है। मतदाताओं के बीच उत्साह है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए अच्छा संकेत है। इधर, जगदलपुर और कोंटा विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। झड़प में जगदलपुर से कांग्रेस उम्मीदवार सामू कश्यप को चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
नक्सल प्रभावित 18 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सोमवार सुबह धीमी गति से शुरू हुआ। ये क्षेत्र नक्सलियों के गढ़ माने जाते हैं और यहां के जंगली इलाकों में स्थित मतदान केंद्र वीरान नजर आ रहे थे, यहां दिन चढ़ने के साथ मतदान में तेजी आई है। 'राइट टू रिजेक्ट' के नाम से लोकप्रिय नन ऑफ द एबव (एनओटीए) के विकल्प को भी वोटिंग मशीन में रखा गया है, जिसकी शुरुआत भारत में छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रथम चरण के मतदान से हुई है। यहां 13 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सुबह सात बजे और पांच अन्य केंद्रों पर सुबह आठ बजे शुरू हुआ।
बस्तर क्षेत्र के जंगली इलाकों के अधिकांश मतदान केंद्र शुरुआत में वीरान नजर आए। जिन केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, वहां दोपहर तीन बजे मतदान संपन्न हो गया, ताकि अधिकारी सूर्यास्त तक नक्सल प्रभावित इलाकों से सुरक्षित लौट सकें। इधर, जगदलपुर, कांकेर और राजनांदगांव में मतदान तेज गति से हो रहा है और यहां मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। राजनांदगांव से मुख्यमंत्री और भाजपा के उम्मीदवार रमन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं और यहां महिलाओं और युवाओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications