राम रहीम पर रेप केस के फैसले से पहले समर्थक जुटा रहे पेट्रोल, डीजल और हथियार
बाबा राम रहीम के खिलाफ रेप मामले में कोर्ट के फैसले से पहले पुलिस अलर्ट, तमाम जगहों की सुरक्षा बढ़ाई गई।
चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा के मुखिया गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ यौन शोषण मामले में शुक्रवार को कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी, ऐसे में स्थिति को देखते हुए हरियाणा और पंजाब की सरकार अलर्ट पर हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटा जा सके। फैसले से पहले मंगलवार को तमाम जगहों पर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया, साथ ही निषेधाज्ञा भी कई जगहों पर लागू कर दी गई है। यही नहीं पुलिस ने डेरा सच्चा के समर्थकों को गिरफ्तार करने के लिए स्टेडियम को एक अस्थाई जेल के तौर पर भी तैयार किया है, ताकि अगर फैसला विपरीत हो और डेरा समर्थक सड़क पर उतरें तो उन्हें हिरासत में लिया जा सके। डेरा सच्चा के समर्थकों के प्रदर्शन को देखते हुए 97 सीआरपीएफ की कंपनी, आरपीएफ की कंपनियां पंचकुला कोर्ट के बाहर सुनवाई के दौरान तैनात की जाएंगी।

50,000 डेरा समर्थक शहर में
पुलिस विभाग के सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है कि कोर्ट के फैसले से पहले 50,000 डेरा सच्चा समर्थक शहर में इकट्ठा हो चुके हैं और इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि डेरा के समर्थकों की संख्या बावजूद इसके लगातार बढ़ रही है जब पुलिस जीरकपुर-पंचकुला हाईवे पर तमाम ऑटो, बस की सघन तलाशी अभियान चला रही है। तलाशी के दौरान पुलिस ने तमाम गाड़ियों को जो शहर जा रही थीं, उन्हें रोककर पूछताछ की। ऐसे में कैसे शहर में डेरा के समर्थकों की संख्या बढ़ रही है यह पुलिस के लिए चिंता की वजह बनी हुई है।
Recommended Video


समर्थक पेट्रोल, डीजल और हथियार जमा कर रहे
वहीं इन सबके बीच पुलिस ने चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में स्थित स्टेडियम में अस्थाई जेल बनाया है, जहां 25 अगस्त को कोर्ट के फैसले के बाद डेरा समर्थकों को लाया जाएगा, इस मैदान में तकरीबन 10,000 लोगों को रखा जा सकता है। पुलिस को इस बात की भी जानकारी मिली है कि डेरा सच्चा के के नाम चर्चा घर में पेट्रोल, डीजल और हथियार को जमा किया जा रहा है। लॉ एंड ऑर्डर आईजीपी ने जो पत्र तमाम एसएसपी, कमिश्नर और अधिकारियों को जारी किया है उसमें कहा गया है कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट रहें।

साध्वी से रेप का है आरोप
राम रहीम पर 2002 में दो साध्वी से रेप करने का आरोप लगा था, जिसके बाद सीबीआई ने इस मामले की 2007 से जांच शुरू कर दी है। पंचकुला स्थित सीबीआई कोर्ट 25 अगस्त को इस मामले में अपना फैसला सुनाएगी। राम रहीम पर राम चंद्र छत्रपति जोकि पूरा सच अखबार के संपादक थे की हत्या का भी आरोप है। माना जाता है कि गुरमीत सिंह का गुरजंत सिंह जोकि खालिस्तान लिबरेशन फोर्स का सदस्य है, उससे करीब का संबंध है। गुरमीत सिंह को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है और वह अपने आलीशान जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। वह रेंज रोवर से चलते हैं और उनके काफिले में सैकड़ों गाड़ियां चलती हैं।

23 साल की उम्र में बने डेरा चीफ
आपका बता दें कि बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह इंसान का जन्म 15 अगस्त 1967 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में हुआ था, वह डेरा सच्चा सौदा के तीसरे मुखिया हैं, वह महज 23 साल की आयु में 1990 में डेरा के तीसरे मुखिया बन गए थे। हरियाणा और पंजाब के अलावा डेरा के हजारों समर्थन देश के कई अन्य राज्यों में भी हैं, जिसमे राजस्थान और उत्तर प्रदेश भी शामिल हैं। डेरा की स्थापना बेपरवाह मस्ताना महाराज जी ने 1948 में की थी।












Click it and Unblock the Notifications