बेंगलुरु छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार, सीसीटीवी में कैद हो गई थी घटना
नए साल के जश्न की रात बेंगलुरु में एक लड़की को बीच सड़क पर छेड़ा गया था और ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। अब पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बेगंलुरु। नए साल के जश्न की रात को बेंगलुरु में एक लड़की के साथ कुछ बाइक सवार लोगों ने अश्लील हरकत की थी, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कर ली थी। अब बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में एक दिन पहले 7 लोगों को हिरासत में लिया था, जिसमें से 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन लोगों ने नए साल के जश्न की रात को एक महिला का यौन शोषण किया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने यह भी पता कर लिया है कि मुख्य हमलावर कौन है। मुख्य हमलावर का नाम लीनो बताया जा रहा है, जो वहीं का स्थानीय निवासी है। वह शख्स काफी समय से उस लड़की का पीछा कर रहा था।

गिरफ्तार किया गया लीनो बी.कॉम. का एक छात्र है। इसके अलावा जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनके नाम आयप्पा, राजू और चिन्नू हैं। पुलिस के अनुसार, अयप्पा स्कूटर पर इंतजार कर रहा था, जबकि लीनो ने रात के करीब 2.45 बजे लड़की का बीच सड़क पर शोषण किया था। राजू और चिन्नू उस ग्रुप का हिस्सा हैं जो पीड़िता और उसकी दोस्त का पीछा कर रहा था। सभी आरोपी पूर्वी बेंगलुरु के रहने वाले हैं। इनमें एक कूरियर करने वाला लड़का है, जबकि दूसरा किसी होटल में काम करता है।
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु छेड़छाड़ मामला: ना घूमो, ना पार्टी करो, ना सांस लो... वरना रेप हो जाएगा...
पीड़िता उत्तर-पूर्वी बेंगलुरु में रहती है और एक छात्रा है। सूत्रों के अनुसार पीड़ित लड़की ने अपना बयान भी दर्ज करा दिया है। हालांकि, उसने लड़के के खिलाफ पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लड़की के साथ बीच सड़क पर शोषण किए जाने की ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। यह कैमरा वहीं पास के एक घर में लगा हुआ था। पुलिस ने कहा है कि इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications