PNB Scam: निर्मला सीतारमण का कांग्रेस पर आरोप, अभिषेक मनु सिंघवी और नीरव की कंपनी के बीच हुआ लेन देन
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर लगाया आरोप, कहा- अभिषेक मनु सिंघवी और नीरव की कंपनी के बीच हुआ लेन देन
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक में 11,500 करोड़ रुपए के घोटाले पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। आज कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने शनिवार को कहा, 'हमारे देश के जो चौकीदार हैं, वो पकौड़े बनाने की सलाह दे रहे हैं। आज की परिस्थितियां ये हैं कि चौकीदार सो रहा है और चोर भाग गया है। प्रधानमंत्री यह खुलासा करने से क्यों इंकार कर रहे हैं कि उनके साथ आधिकारिक यात्राओं पर कौन-कौन यात्राएं करते हैं। क्या यही वो 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' है, जिसका पीएम जिक्र करते हैं।' इसी के तुरंत बाद भााजपा नेता और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर हमला बोला। सीतारमण ने कहा कि नीरव मोदी के इस प्रकरण का मूल साल 2011 का है। सरकार की पूरी शक्ति धोखाधड़ी के मामले में आरोपी नीरव मोदी को पकड़ने में लगी है।

सीतारमण ने कहा कि 2013 में एनएसई पर व्यवसाय करने से गीतांजलि जेम्स को 6 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था। 13 सितंबर 2013 को राहुल गांधी इस आभूषण समूह के कार्यक्रम में गए थे। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर 2013 को, पुनर्गठन का प्रस्ताव और एक ही आभूषण समूह के लिए 15,00 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया। जिसका जिक्र इलाहाबाद बैंक बोर्ड की बैठक में हैं।
सीतारमण ने कहा कि फायर स्टार डायमंड इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड मोदी की कंपनियों में से एक है उन्होंने इसे अद्वैत होल्डिंग्स से हासिल किया और इसके एक शेयरधारकों में से 2002 से अनीता सिंघवी है। अद्वैत होल्डिंग्स के निदेशक कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी,की पत्नी अनीता सिंघवी और बेटा अविष्कार सिंघवी हैं। प्राइवेट लिमिटेड की संपत्ति को मुंबई में नीरव मोदी की आभूषण कंपनी को किराए पर लिया गया है। दोनों कंपनियों ने भी ऋण लेनदेन किया है।
सीतारमण ने कहा कि सिंघवी और नीरव के संबंध स्पष्ट होने के बावजूद भी कांग्रेस भाजपा पर सवाल उठा रही है? उन्होंने कहा कि -आप गीतांजलि जेम्स को बढ़ावा देते हैं, उन्हें पट्टे पर बिल्डिंग देते हैं, आपकी पत्नी एक निदेशक है और गलत काम करने का आरोप हम पर लगाया जा रहा है। सीतारमण ने कहा कि इस मेगा बैंकिंग घोटाले में, हमारे हाथों में पर्याप्त और अधिक तथ्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications