PNB घोटाला, नीरव मोदी के दुबई में छिपे होने की खबर, जांच एजेंसियों को मिले सुराग
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी नीरव मोदी दुबई में छिपा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों को इस बात की जानकारी मिली है। नीरव मोदी के दुबई में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सीबीआई इंटरपोल की मदद ले सकती है। नीरव मोदी मामले में जांच एजेंसियों की ओर से ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। सोमवार को भी इस मामले में कई जगहों पर छापेमारी की गई। बिहार के किशनगंज में ईडी ने गीतांजलि ज्वैलर्स के स्टोर पर छापे मारे हैं। वहीं ईडी ने फायरस्टार इंटरनेशनल से जुड़े कई अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन किया है।

ईडी ने 35 जगहों पर छापेमारी की है
ईडी को जानकारी में पता लगा है कि गीतांजलि ग्रुप ना सिर्फ अपने स्टोर्स से बल्कि अन्य कंपनियों के आउटलेट से भी अपने प्रोडक्ट्स को बेचते थे। सोमवार को पुणे के 9-10, ठाणे के 5 और मुंबई के कई ठिकानों में छापेमारी की है। कुल मिलाकर ईडी ने 35 जगहों पर छापेमारी की है।

पीएनबी की मुंबई में ब्रैडी रोड शाखा सोमवार को सील कर दिया
पंजाब नेशनल बैंक में हुई 11 हजार 400 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पीएनबी की मुंबई में ब्रैडी रोड शाखा सोमवार को सील कर दिया। सीबीआई ने रविवार को यहां गहन तलाशी अभियान चलाया और महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों सहित बैंक के 5 अधिकारियों से पूछताछ की थी। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम में रात भर बैंक में मौजूद दस्तावेजों को खंगाला है।

घोटाले की शुरुआत पीएनबी की मुंबई स्थित ब्रैडी रोड शाखा से ही हुई थी
आपको बता दें कि नीरव मोदी और गीतांजलि ज्वेलर्स के प्रमोटर मेहुल चौकसी की संलिप्तता वाले इस घोटाले की शुरुआत पीएनबी की मुंबई स्थित ब्रैडी रोड शाखा से ही हुई थी। सीबीआई बैंक की शाखा में घोटाले की धनराशि और गहराई का पता लगाने के लिए हजारों दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की भी जांच कर रही है। सीबीआई ने पूरी बैंक को अपने नियंत्रण में लेकर रातभर जांच पड़ताल की। इसके बाद सोमवार सुबह बैंक को सील कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications