PNB SCAM: कांग्रेस का बड़ा हमला, घोटाला 21306 करोड़ तक पहुंच चुका
pnb scam: कांग्रेस का आरोप, घोटाला 11000 नहीं 21 हजार करोड़ का
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक में 11,500 करोड़ रुपए के घोटाले और इसमें शामिल नीरव मोदी के देश से फरार होने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि ये घोटाला जितना बताया जा रहा है, उससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटे में ये घोटाला 21,306 करोड़ तक पहुंच गया है। सुरजेवाला ने कहा है कि ये पूरा मामला प्रधानमंत्री कार्यालय की जानकारी में था और इसके कई सुबूत सामने हैं तो आखिर क्यों ये सब होने दिया गया। उन्होंने कहा कि ना सिर्फ पीएमओ बल्कि कई भाजपा शासित राज्यों को भी इसकी जानकारी थी। कांग्रेस ने सवाल किया है कि क्या मोदी सरकार इस सबको संरक्षण दे रही थी। सुरजेवाला ने कहा कि देश का पैसा लूटकर सिर्फ मोदी ही क्यों भाग रहे हैं एकतरफ ललित मोदी हैं, दूसरी तरफ नीरव मोदी हैं। हमने तो बड़े नहीं 'छोटे मोदी' की बात की।

पीएम मेहुल चोकसी को जानते है, तो इंकार क्यों कर रहे
कांग्रेस ने सवाल किया है कि 22 हजार करोड़ रुपया बैंक से निकाल लिया जाए और किसी को पता भी ना चले, ये आखिर कैसे संभव है। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी जी जब 'उड़ान' शब्द कहते थे तो उसका मतलब शायद ये था कि हर घोटालेबाज उड़ कर भाग सकता है। कांग्रेस ने घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी से प्रधानमंत्री से संबंधों पर सवाल खड़े किए और एक वीडियो भी दिखाया, जिसमें मोदी चोकसे को भाई कहकर संबोधित कर रहे हैं।
कांग्रेस ने कहा है कि गोल्ड मोनेटाईजेशन स्कीम का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री जी ने मेहुल चोकसी के साथ अपने आत्मीय संबंधो को बताया। क्या प्रधानमंत्री जी मेहुल चोकसी को जानते है? और अगर जानते हैं तो फिर इंकार क्यों कर रहे हैं? क्या प्रधानमंत्री ऑफ्स के ट्विटर हैंडल ने नीरव मोदी का फोटो लगाकर ‘Together We Can' वाला ट्वीट नहीं किया?

सरकार पैसा लूटने वालों के साथ: कांग्रेस
सुरजेवाला ने कहा कि शक की सुई सीधे प्रधानमंत्री मोदी की सरकार पर आकर टिकी है। सुरजेवाला ने कहा कि इस मामले में ये नहीं कह सकते कि दाल में काला है क्योंकि पूरी दाल ही काली है, कहीं न कहीं सरकार में बैठे लोगों का संरक्षण देश का पैसा लूट कर भाग जाने वालों के साथ है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सारे साक्ष्य और तथ्य सामने हैं, घोटाले की परतें रोज खुल रही हैं।

हमारे सवालों का जवाब वित्त मंत्री ने नहीं दिया
सुरजेवाला ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर हमने सरकार से सवाल किए लेकिन ना तो प्रधानमंत्री और ना ही वित्त मंत्री ने इस पर ध्यान देना जरूरी समझा, इनकी जगह हमारे सवालों का जवाब कानून मंत्री और समाज कल्याण मंत्री ने दिया।












Click it and Unblock the Notifications