कोरोना संकट में PMC बैंक खाताधारकों पर दोहरी मार, इलाज के लिए दान तक लेने को मजबूर
PMC बैंक खाताधारक इलाज के लिए दान तक लेने को मजबूर
नई दिल्ली। पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव (पीएमसी) बैंक के खाताधारक कोरोना संकट में दोहरी मार से जूझ रहे हैं। एक तरफ महामारी है तो दूसरी तरफ पैसा होने के बावजूद बैंक से नहीं निकाल सकते हैं। बैंक में घोटाले की बात सामने आने के बाद एक साल से पैसा निकालने पर कई तरह की पाबंदिया हैं। ऐसे मेंपीएमसी के नौ लाख से अधिक जमाकर्ता मुश्किल में हैं। कई लोगों को लोन और दान तक का सहारा गुजर-बसर के लिए करना पड़ रहा है।

बेटी के इलाज के लिए मांगना पड़ा उधार
एक रिपोर्ट के अनुसार इस साल फरवरी में 82 साल किशन लाल ने वित्त मंत्री से ट्वीट कर कहा था किवह अपनी किडनी और आंखें दान करने के लिए तैयार हैं, अगर कोई उनकी बेटी के इलाज के लिए पैसों की व्यवस्था करने में मदद कर दे। उनकी बेटी को ब्रेन ट्यूमर था। किशन लाल के पंजाब और महाराष्ट्र सहकारी बैंक में 25 लाख से ज्यादा रुपए जमा थे। जब तक उनको बेटी की बीमारी का पता चला तब तक बैंक से पैसा निकालने की लिमिनट 50,000 रुपए कर दी गई। ऐसे में उन्होंने ना सिर्फ उधार पैसे मांगे बल्कि चैरिटी तक का सहारा लिया। लाल का कहना है कि बेटी के इलाज लिए मुझे हाथ फैलाने पड़े जबकि मेरे पास पैसा था। अगर ये पाबंदी ना होती तो मुझे इस तरह से शर्मिंदा ना होना पड़ता।

कोरोना के चलते ज्यादा बढ़ गई परेशानी
इस साल मार्च में कोरोना के चलते देशभर में लॉकडाउन लगा दिया गया था। जिसके बाद कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुए और करोड़ों नौकरियां जाने का दावा कई रिपोर्ट कर रही हैं। ऐसे में वो लोग जिनकी जमापूंजी पीएमसी बैंक में हैं वो बुरी तरह से परेशान हैं। पीएमसी के जमाकर्ताओं में कई लोगो का कहना है कि अपने बच्चों की स्कूल फीस तक देने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं कुछ लोगों ने घर के राशन तक के लिए के दोस्तों और रिश्तेदारों पर निर्भर होने की बात कही है।

11 महीने से पैसा निकालने पर प्रतिबंध
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पिछले साल सितंबर में घोटाले की बात सामने आने पर पीएमसी पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए थे। एक साल अब इसको होने जा रहा है। जमाकर्ता को तब 50 हजार रुपए ही निकालने की इजाजत थी जो कि अब 100,000 रुपए है। पीएमसी बैंक की छह राज्यों में 137 शाखाएं हैं। बैंक के 9 लाख से ज्यादा ग्राहक हैं। आरबीआई के मुताबिक 26 मार्च 2020 तक लगभग दस हजार करोड़ रुपये की कुल जमा देयता के मुकाबले में पीएमसी बैंक के पास उपलब्ध संपत्ति 2,955.73 करोड़ रुपये हैं।
पीएमसी बैंक के खाताधारकों को पांच लाख रुपए तक की निकासी की छूट देने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी हाल ही में दायर की गई थी। इस पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने दिल्ली हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करते हुए कहा कि पीएमसी बैंक में लेनदेन की कमी को देखते हुए इस समय एक लाख रुपये की निकासी की सीमा को बढ़ाना संभव नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications