PM Security Breach: जस्टिस इंदु की कमेटी पहुंची फिरोजपुर, फ्लाईओवर और कार्यक्रम स्थल को देखा
नई दिल्ली, 6 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी को पंजाब के फिरोजपुर जिले के दौरे पर गए थे। वहां पर उन्हें एक रैली करनी थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। इसके बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में पीएम की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई, जहां हजारों किसानों ने रोड ब्लॉक कर दिया। बाद में ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां पांच सदस्यीय समिति का गठन जांच के लिए किया गया था। इस कमेटी ने रविवार से अपनी जांच शुरू कर दी है।
Recommended Video

सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षा चूक की जांच के लिए शीर्ष अदालत की सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अध्यक्षता में 12 जनवरी को पांच सदस्यीय समिति का गठन किया था। रविवार को जस्टिस मल्होत्रा फिरोजपुर पहुंचीं और उस फ्लाईओवर का निरीक्षण किया, जहां पर प्रधानमंत्री का काफिला 15 से 20 मिनट तक फंसा रहा। इसके बाद वो रैली स्थल पर भी गईं। हालांकि प्रदर्शन की वजह से पीएम की रैली रद्द कर दी गई थी।
जस्टिस मल्होत्रा के साथ चंडीगढ़ के डीजीपी, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के आईजी, पंजाब के एडीजीपी सुरक्षा और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल भी थे। इससे पहले ही कमेटी ने पीएम के दौरे से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड अपने पास मंगवा लिया था। ये कमेटी कब तक अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपेगी, इसकी कोई जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।
दो कमेटियां हो चुकी हैं खारिज
घटना के बाद केंद्र और पंजाब सरकार ने अलग-अलग जांच समितियों का गठन किया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। पंजाब सरकार वाली समिति में रिटायर्ड जस्टिस मेहताब सिंह गिल और गृह सचिव अनुराग वर्मा थे, जबकि केंद्र वाली में इंटेलिजेंस ब्यूरो और एसपीजी अधिकारी शामिल थे। इसकी अध्यक्षत सुरक्षा सचिव के जिम्मे थी।












Click it and Unblock the Notifications