#InternationalDayofYoga: फिर चर्चा में मोदी का 'गमछा', जिसे पहन कर पीएम ने किया योग
नई दिल्ली। आज पूरा विश्व 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' मना रहा है, इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची में 35 हजार लोगों के साथ करीब 45 मिनट तक योगासन किया, वैसे तो पीएम मोदी के योग करने की कई तस्वीरें इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हैं लेकिन उनके योग और उनके भाषण के अलावा भी एक और चीज की चर्चा इस वक्त जोर-शोर से हो रही है और वो है मोदी का 'गमछा', जिसके साथ पीएम ने लगातार तीसरे साल योग किया है।

फिर चर्चा में मोदी का 'गमछा'
ये मोदी का पसंदीदा गमछा है, इस गमछे को पसंदीदा इसलिए कहेंगे क्योंकि पिछले तीन योग दिवस पर मोदी इसी डिजाइन का गमछा पहन रहे हैं, पिछले साल भी इस 'गमछे' की काफी बातें हुई थीं, भले ही पीएम नरेंद्र मोदी की कितनी भी आलोचना विरोधीगण करें लेकिन इस बात से वो भी इत्तफाक रखते हैं कि पंडित नेहरू के बाद अगर देश के किसी पीएम के कपड़ों की बात होती है तो वो नरेंद्र दामोदरदास मोदी ही हैं। साल 2014 में पीएम की कुर्सी पर बैठने के बाद मोदी स्टाइल का कुर्ता जबरदस्त फैशन ट्रेंड में रहा था,नेहरू जैकट के बाद युवाओं के बीच मोदी के कुर्ते की डिमांड अचानक से बढ़ गई थी, जिसने देसी फैशन को एक नई ऊंचाई प्रदान की।
यह पढ़ें: सेना के घोड़ों और डॉग स्क्वॉड ने भी किया आज योग, सामने आई दिलचस्प तस्वीरें, आप भी देखिए

'गमछा' बना स्टाइल ट्रेंड
कुर्ते के बाद उनका 'गमछा' इन दिनों स्टाइल ट्रेंड बन गया है, जिसकी चर्चा आम से लेकर खास लोगों के बीच में हो रही है। पीएम मोदी ने जो गमछा पहना है वो असमी गमछा है, जो कि 'गमुसा' के नाम से जाना जाता है, ये बहुत ही मुलायम होता है, जिससे आसानी से पसीना पोछा जा सकता है।

ट्रैक सूट पर भी पीएम ने पहना था 'गमछा'
आपको बता दें कि पिछले साल पीएम मोदी ने अपना एक फिटनेस वीडियो भी ट्विटर पर रिलीज किया था, जिसमें भी वो ट्रैक सूट के साथ 'गमछा' पहने हुए नजर आए थे। वैसे नार्थ इंडिया वाले लोग 'गमछे' से अंजान नहीं है क्योंकि आम से लेकर खास तक इसका प्रयोग करते हैं, जो कि आम तौर पर सूती वस्त्र का बना होता है, लेकिन जब से पीएम मोदी के 'गमछे' वाली तस्वीरें लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी है, ये काफी खास हो गया है।

अमिताभ का स्टाइल था.... 'गमछा'
अभी तक फिल्मी कलाकारों के स्टाइल को लोग फॉलो किया करते थे। सदी के महान अभिनेता कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन की ऐसी बहुत सारी फिल्में हैं, जिनमें वो 'गमछा' पहने नजर आए हैं और लोगों ने इसे काफी पसंद भी किया है, चाहे अस्सी के दशक की फिल्म 'डॉन' हो या फिर बेटे अभिषेक के साथ उनका मशहूर सॉग ...कजरारे... कजरारे हो.. वो हर जगह 'गमछे' में हिट रहे लेकिन किसी पीएम का यूं 'गमछा' हिट होना अपने आप में काफी खास बात है।

युवाओं का 'गमछे' के प्रति क्रेज बढ़ा
गौरतलब है कि युवाओं का 'गमछे' के प्रति क्रेज को देखते हुए अब मशहूर ब्रांड जारा और फैब इंडिया, जो कि वेस्टर्न कपड़ों के लिए जाने जाते हैं, वो भी अपने कपड़ों में 'गमछे' के प्रिंट को तवज्जो दे रहे हैं। वैसे इससे पहले डिजाइनर राजेश प्रताप सिंह ने 2009 के स्प्रिंग समर कलेक्शन में 'गमछा' जैकेट को लंदन के 'विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम' में प्रदर्शित किया था।












Click it and Unblock the Notifications