कल पश्चिम बंगाल के हल्दिया जाएंगे पीएम मोदी, पांच हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 फरवरी को पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। वो यहां के हल्दिया में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय और सड़क परिवहन मंत्रालय की तीन महत्वकांक्षी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा पीएम हल्दिया रिफाइनरी में इंडियन ऑयल के लुब्रिकेंट बेस्ड ऑयल कारखाने का भी शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी यहां जितनी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे उसकी लागत करीब 5 हजार करोड़ रुपए है। यह सौगात सिर्फ पश्चिम बंगाल को नहीं बल्कि पूरे देश के लिए होगा। इन परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बंगाल के तमाम भाजपा कार्यकर्ता पीएम मोदी की इस जनसभा की तैयारियों में जुटे हैं।

इस मौके पर बीपीसीएल के निदेशक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीएम बीपीसीएल द्वारा 1097.54 करोड़ रुपये की लागत से हल्दिया में निर्मित एलपीजी टर्मिनल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। फरवरी 2015 में ही इस परियोजना को मंजूरी मिली थी और इसके शुरू होने से 1,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत बंगाल में 88.5 लाख नए एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं। उन्हें निरंतर एलपीजी की आपूर्ति करने के लिए इस एलपीजी टर्मिनल का निर्माण किया गया है।
ये कार्यक्रम भले ही सरकारी हो, लेकिन उनकी इस यात्रा से बंगाल बीजेपी कार्यकर्ताओं को बल मिलेगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी शामिल होने की संभावना है। आपको बता दें कि हाल ही में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्होंने कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित किया था। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हावड़ा में रैली को संबोधित किया। उन्होंने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं, जब शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस रैली को संबोधित कर रहे थे, तब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मंच पर मौजूद थीं। स्मृति ईरानी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी देशभक्त टीएमसी में नहीं रह सकता, क्यों कि ममता जय श्री राम नारे का अपमान करती हैं। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल का यह चुनाव बड़े ही आक्रमक तरीके से लड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications