PM मोदी आज हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी, ट्रेन की टाइमिंग से किराया तक, जानिए सबकुछ
Howrah-Puri Vande Bharat Express: ओडिशा को पहला और पश्चिम बंगाल को उसकी दूसरी वंदे भारत ट्रेन मिलने वाली है। हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे।

Howrah-Puri Vande Bharat Express: पश्चिम बंगाल को उसकी दूसरी वंदे भारत ट्रेन आज 18 मई गुरुवार को मिलने वाली है। हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ओडिशा के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन भी होगी। ट्रेन का संचालन रेलवे के दक्षिणपूर्वी डिवीजन के तहत किया जाएगा।
पीएम मोदी पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन वर्चुअली करेंगे। पीएम मोदी दोपहर करीब 1 बजे वर्चुअली ट्रेन को पुरी से हरी झंडी दिखाएंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुरी से हावड़ा तक की वंदे भारत ट्रेन को हरी झंड़ी दिखाएंगे। ओडिशा में बहुत तेजी से रेलवे का काम चल रहा है। लोगों में इस ट्रेन के लिए बहुत उत्साह है। इसके अलावा पीएम मोदी 8,200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा में विकास कार्यों के लिए 10,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। 10 साल पहले 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता रखने वाले राज्य के विकास के लिए केवल 800 करोड़ रुपये आवंटित किए जाते थे।
हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस के बारे में हर जानकारी?
1. हावड़ा-पुरी वंदे भारत ट्रेन लगभग 6 घंटे 30 मिनट में 500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कोलकाता से रोजाना हजारों लोग दीघा जाते हैं। वर्तमान में इस रूट पर चलने वाली एकमात्र प्रीमियम ट्रेन शताब्दी है। वर्तमान शताब्दी एक्सप्रेस की तुलना में समान दूरी को कवर करने में 7 घंटे 35 मिनट का समय लगता है।
2. 16 कोच वाली हावड़ा-पुरी वंदे भारत ट्रेन सात स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन खड़गपुर, बालासोर, भद्रक, क्योंझर रोड, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा स्टेशन पर रुकेगी।
3. वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन हावड़ा से सुबह 6.10 बजे निकलेगी और दोपहर 12.35 बजे पुरी पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर 1.50 बजे पुरी से चलेगी और रात 8.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
4. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हावड़ा-पुरी वंदे भारत ट्रेन के चेयर कार का किराया 1590 रुपये (खानपान के लिए 308 रुपये सहित) और एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए 2,815 रुपये (खानपान के लिए 369 रुपये सहित) होगा।
5. हावड़ा-पुरी वंदे भारत ट्रेन के लिए यात्री बुधवार से टिकट बुक कर सकते हैं और शनिवार यानी 20 मई से ट्रेन की सवारी कर सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि 22895/22896 हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 20 मई से शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications