PM Subhadra Yojana: क्या है सुभद्रा योजना? महिलाओं को कैसे मिलेंगे 10 हजार? कैसे करें अप्लाई? यहां जानें सबकुछ
What is PM Subhadra Yojana: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ओडिशा सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। इसी कड़ी में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, 17 सितंबर 2024 को, ओडिशा की महिलाओं के लिए विशेष योजना सुभद्रा योजना (Subhadra Yojana) की शुरुआत की गई है।
इस योजना के तहत, महिलाओं को सालाना 10,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी, जो दो किस्तों में उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इसका उद्देश्य राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना का लाभ 21 से 60 साल की महिलाओं को मिलेगा। आइए जानते हैं योजना से जुडी सभी अहम बातें ...

सुभद्रा योजना के तहत आर्थिक सहायता
सुभद्रा योजना के अंतर्गत महिलाओं को सालाना 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो दो किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी। पहली किस्त राखी पूर्णिमा और दूसरी महिला दिवस के अवसर पर दी जाएगी। प्रत्येक महिला को साल में 5,000 रुपये की दो किस्त मिलेंगी। यह योजना पांच साल तक चलेगी और 2024-25 से 2028-29 तक लागू रहेगी।
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
सुभद्रा योजना का लाभ केवल आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिलेगा। इसमें सरकारी नौकरी करने वाली महिलाएं या आयकर देने वाली महिलाएं शामिल नहीं होंगी। इसके साथ ही, अगर किसी महिला को किसी अन्य सरकारी योजना से हर साल 15,000 रुपये या उससे अधिक की सहायता मिलती है, तो वह भी इस योजना का लाभ नहीं ले सकेगी।
सुभद्रा डेबिट कार्ड की सुविधा
सुभद्रा योजना के अंतर्गत महिलाओं को 'सुभद्रा डेबिट कार्ड' भी प्रदान किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा। इस योजना में डिजिटल लेनदेन करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। योजना के तहत डिजिटल लेनदेन करने वाली 100 महिलाओं को 500 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
कैसे करें अप्लाई?
सुभद्रा योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए महिलाएं अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों, ब्लॉक ऑफिस और जन सेवा केंद्रों से मुफ्त में आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। इस योजना की निगरानी के लिए 'सुभद्रा सोसायटी' का गठन किया गया है, जो महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत काम करेगी। सुभद्रा योजना के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल है। महिलाएं आवेदन फॉर्म यहां से हासिल कर सकती हैं...
- आंगनवाड़ी केंद्र
- ब्लॉक ऑफिस
- जन सेवा केंद्र
आवेदन करने के बाद, महिलाओं को अपने दस्तावेजों के साथ फॉर्म जमा करना होगा। योजना की निगरानी और संचालन 'सुभद्रा सोसायटी' द्वारा किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि योग्य महिलाओं को योजना का पूरा लाभ मिले।
कौन कर सकता है आवेदन?
- महिला का नाम राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) या राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (SFSS) के तहत राशन कार्ड में दर्ज होना चाहिए।
- परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- महिला की आयु 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।
आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
- आधार कार्ड - पहचान सत्यापन के लिए
- पासपोर्ट साइज फोटो - हालिया तस्वीर
- जन्म प्रमाण पत्र - उम्र की पुष्टि के लिए
- बैंक खाता विवरण - पैसे ट्रांसफर के लिए
- पता प्रमाण - ओडिशा में निवास की पुष्टि के लिए
- जाति प्रमाण पत्र - अगर लागू हो, तो सामाजिक श्रेणी के विवरण के लिए
- आवासीय प्रमाण - ओडिशा के भीतर निवास का वेरिफिकेशन
- मोबाइल नंबर और ईमेल पता - संपर्क के लिए
- हस्ताक्षर - ऑनलाइन आवेदन के लिए
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
- सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट subhadra.odisha.gov.in पर जाएं।
- होम पेज पर "Apply Now" बटन पर क्लिक करें।
- दिए गए फॉर्म में अपनी सभी जानकारी भरें, जैसे- नाम, ईमेल, फोन नंबर और पता।
- आवश्यक दस्तावेज़ जैसे- आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो आदि अपलोड करें।
- सभी जानकारी को ध्यान से भरकर Submit बटन पर क्लिक कर दें।
सुभद्रा योजना ओडिशा की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से फायदेमंद है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें वित्तीय सहायता की आवश्यकता है। इसके माध्यम से महिलाएं न केवल अपने खर्चों को पूरा कर पाएंगी, बल्कि डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहित भी होंगी। आने वाले वर्षों में यह योजना महिलाओं की वित्तीय स्थिति को और सशक्त करेगी।












Click it and Unblock the Notifications