'जिन्हें भारत का पक्ष नहीं दिखता, उन्हें आईना दिखाने के लिए मैं खड़ा हूं', पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा प्रहार
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर गरमाई सियासत के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को जमकर घेरा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह भारत का पक्ष रखने और उन लोगों को आईना दिखाने आए हैं जिन्हें देश की असलियत नजर नहीं आती। पीएम मोदी के इस बयान ने सदन का माहौल और भी गर्मा दिया।
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में तीन दिवसीय विशेष चर्चा में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि, 'मैं इस सदन के समक्ष भारत का पक्ष रखने के लिए यहां खड़ा हूं। जो लोग भारत का पक्ष नहीं देख पा रहे हैं, मैं उन्हें आईना दिखाने के लिए यहां खड़ा हूं।'

पहलगाम हमला क्रूरता की पराकाष्ठा- पीएम मोदी
पहलगाम के भयावह आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस तरह से आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों को उनका धर्म पूछकर निशाना बनाया, वह क्रूरता की पराकाष्ठा थी।
'पहलगाम हमला भारत में दंगे फैलाने की एक साजिश'
उन्होंने कहा कि, '22 अप्रैल को पहलगाम में जो क्रूर घटना घटी, जिस तरह आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें गोली मारी, वह क्रूरता की पराकाष्ठा थी। यह भारत को हिंसा की आग में झोंकने की एक सोची-समझी कोशिश थी। यह भारत में दंगे फैलाने की एक साजिश थी। आज मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि देश ने एकजुटता से उस साजिश को नाकाम कर दिया।'
'मैं भारत के लोगों का ऋणी हूं'
उन्होंने भारत के जवाबी हमलों के दौरान उनका साथ देने के लिए भारतीय जनता का भी आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस तरह भारत के लोगों ने मेरा साथ दिया और मुझे आशीर्वाद दिया, उसके लिए मैं भारत के लोगों का ऋणी हूं और मैं भारतीयों का आभारी हूं। मैं उनके समर्थन के लिए आभारी हूं।'
'सेना को कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई'
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि, 'सेना को कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई और यह भी कहा गया कि सेना को यह तय करना चाहिए कि कब, कहां, कैसे और किस तरीके से कार्रवाई करनी है। हमें गर्व है कि आतंकवादियों को सजा दी गई, और यह ऐसी सजा थी कि आतंक के उन आकाओं की आज भी रातों की नींद उड़ी हुई है।'
22 मिनट के भीतर सटीक हमलों से ले लिया बदला- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, 'पहलगाम आतंकवादी हमले के ठीक बाद पाकिस्तानी सेना को यह अंदाजा हो गया था कि भारत वास्तव में एक बड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने परमाणु धमकी देना शुरू कर दिया। 6-7 मई की मध्यरात्रि को, भारत ने ठीक वैसा ही कदम उठाया जैसा तय था। पाकिस्तान कुछ नहीं कर सका। हमारे सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल की घटना का बदला 22 मिनट के भीतर सटीक हमलों से ले लिया।'
परमाणु ब्लैकमेलिंग अब काम नहीं आएगी- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कहा, 'भारत ने साबित कर दिया है कि परमाणु ब्लैकमेलिंग अब काम नहीं आएगी और न ही भारत इस परमाणु ब्लैकमेलिंग के आगे झुकेगा। पाकिस्तान के एयरबेस और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। और आज तक, उनके कई एयरबेस आईसीयू में हैं।'
'बहावलपुर, मुरीदके को भी जमींदोज कर दिया'
पीएम मोदी ने कहा कि, 'पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया। कोई सोच भी नहीं सकता कि कोई वहां तक पहुंच सकता है। बहावलपुर, मुरीदके को भी जमींदोज कर दिया गया है। हमारी सेना ने आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। तीसरा पहलू, हमने पाकिस्तान की परमाणु धमकी को झूठा साबित कर दिया है। भारत ने साबित कर दिया है कि अब परमाणु ब्लैकमेलिंग नहीं चलेगी और न ही भारत इस परमाणु ब्लैकमेलिंग के आगे झुकेगा। चौथा पहलू, भारत ने अपनी तकनीकी क्षमता का परिचय दिया है। उसने पाकिस्तान के सीने पर सटीक वार किया है।
पीएम ने कहा कि, 'पाकिस्तान के एयरबेस और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है और आज की तारीख में उनके कई एयरबेस ICU में हैं। यह तकनीक आधारित युद्ध का युग है। अगर हमने पिछले 10 सालों में की गई तैयारियों को पूरा नहीं किया होता, तो हम कल्पना कर सकते हैं कि तकनीक के इस युग में हमें कितना नुकसान हो सकता था। पांचवां पहलू- ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए पहली बार दुनिया ने आत्मनिर्भर भारत की ताकत को पहचाना। भारत में बने ड्रोन, मिसाइलों ने पाकिस्तान की हथियार प्रणाली की पोल खोल दी।'
'अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने मुझसे बात करने का प्रयास किया'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, '9 तरीख की रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने मुझसे बात करने का प्रयास किया, वो घंटे भर कोशिश कर रहे थे लेकिन मेरी सेना के साथ बैठक चल रही थी, तो मैं फोन उठा नहीं पाया, लेकिन बाद में मैंने कॉल बैक किया। फिर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जी ने मुझे बताया कि पाकिस्तान बहुत बड़ा हमला करने वाला है। इस पर मैंने कहा कि अगर पाकिस्तान का ये इरादा है, तो उसे बहुत महंगा पड़ेगा। अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो हम बड़ा हमला कर जवाब देंगे। आगे मैंने कहा था, 'हम गोली का जवाब गोले से देंंगे'।'
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर किया हमला
इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह 'प्रधानमंत्री की छवि बचाने के लिए किया गया प्रयास' था। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी कि वे संसद में ट्रंप को 'झूठा' कहें, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने बार-बार व्यापार को युद्धविराम के लिए इस्तेमाल करने और भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान लड़ाकू विमानों को मार गिराने के दावे किए हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि, 'अगर नरेंद्र मोदी में इंदिरा गांधी जितना साहस भी है, तो उन्हें सदन में घोषणा करनी चाहिए कि ट्रंप युद्धविराम के बारे में झूठ बोल रहे हैं।' रायबरेली के सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप से यह नहीं पूछ सकते कि वह पाकिस्तानी जनरल असीम मुनीर को दोपहर के भोजन पर कैसे आमंत्रित कर सकते हैं।'
पहलगाम आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तानी जनरल असीम मुनीर- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने कहा कि, 'पहलगाम आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तानी जनरल असीम मुनीर हैं। हाल ही में, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दोपहर के भोजन पर मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ नहीं कहा। उन्होंने यह भी नहीं कहा, 'ट्रंप ने उन्हें अपने कार्यालय में आमंत्रित करने की हिम्मत कैसे की?'
राहुल गांधी ने कहा कि, 'भारत सरकार ने पाकिस्तान सरकार को सूचित किया कि हमारी कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है, हम युद्ध नहीं चाहते। हमने बस यह कार्रवाई की है। आत्मसमर्पण की माँग की गई थी, 30 मिनट के भीतर तत्काल आत्मसमर्पण।'












Click it and Unblock the Notifications