हैदराबाद में बोले पीएम नरेंद्र मोदी, 'गोली चलानी है तो मुझपर चलाओ, दलित भाइयों पर नहीं'
हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में दलितों पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता व्यक्त की। इतना ही नहीं, उन्होंने तो यह तक कह डाला कि अगर गोली ही मारनी है तो मुझे मारो, दलितों पर ज़ुल्म मत करो। दलितों पर हमले और इसको लेकर चौतरफा हो रही राजनीति को उन्होंने बंद करने की गुज़ारिश की। एक भावुक अपील के ज़रिए मोदी ने आह्वान किया कि वे दलितों पर अत्याचार करना बंद करें। उनकी रक्षा और सम्मान करें क्योंकि यह वर्ग समाज द्वारा लंबे वक्त से उपेक्षाएं झेल रहा है। दादरी, मंदसौर, ऊना आदि सभी घटनाओं पर बोले पीएम मोदी, कथित गौरक्षकों को दुकान बंद करने को किया आगाह
पीएम मोदी ने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर देश को नहीं बंटने देना चाहिए क्योंकि वसुधैव कुटुंबकम हमारे देश की परंपरा रही है।
कार्यकर्ताओं को कर रहे थे संबोधित
उन्होंने यहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, मैं इन लोगों से कहना चाहता हूं कि अगर आपको कोई समस्या है, अगर आपको हमला करना तो मुझ पर हमला करिए। मेरे दलित भाइयों पर हमला बंद करिए। अगर आपको गोली मारनी है तो मुझे गोली मारिए, लेकिन मेरे दलित भाइयों को नहीं। यह खेल बंद होना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे यह भी कहा कि देश की प्रगति शांति, एकता, भाईचारे और सद्भाव से ही संभव है। एकता को उन्होंने देश के विकास का मुख्य स्त्रोत बताया।
...इसलिए अहम है पीएम का यह बयान
पीएम मोदी का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि उन्होंने एक दिन पहले ही फर्जी गौ-रक्षकों पर भी निशाना साधा था। साथ ही साथ देश के कई हिस्सों में हाल ही तथाकथित गोरक्षकों की ओर से दलितों और मुसलमानों के खिलाफ हिंसा करने को लेकर राजग सरकार की किरकिरी भी हुई है।
अमरीकी संसद में भाषण का किया जिक्र
मोदी ने अमरीकी संसद में अपने भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वहां भी अंबेडकर को ही याद किया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों, वंचितों, दलित आदि के लिए है। देश में केसरिया क्रांति लाने की अपील करते हुए कहा कि यह रंग एनर्जी का सोर्स है।













Click it and Unblock the Notifications