सरकारी सूत्रों का दावा- पीएम के रोड रूट को पंजाब डीजीपी ने दी थी मंजूरी
सरकारी सूत्रों का दावा-पंजाब डीजीपी ने दी थी मंजूरी पीएम को सड़क से जाने की मंजूरी
नई दिल्ली, 6 जनवरी: पंजाब में प्रधानमंत्री के काफिले को प्रदर्शनकारी किसानों के रोके जाने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच केंद्र सरकार के सूत्रों ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सड़क से जाने को लेकर पंजाब पुलिस को बताया गया था। राज्य के पुलिस प्रमुख से इसकी मंजूरी मिली थी। मंजूरी के बाद ही पीएम का काफिला सड़क के रास्ते से जा रहा था।

कांग्रेस और पंजाब सरकार की ओर से प्रधानमंत्री के आखिरी वक्त में हेलीकॉप्टर की बजाय सड़क के रास्ते से चलने के फैसले पर सवाल खड़े किए गए हैं। जिसके बाद सरकारी सूत्रों की ओर से ये कहा गया है कि पंजाब के डीजीपी की मंजूरी के बाद सड़क यात्रा की योजना बनाई गई थी। सूत्रों के हवाले से आई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब पुलिस को पीएम मोदी की सड़क यात्रा के बारे में पहले से जानकारी ना होने की बात गलत है। खराब मौसम में हेलीकॉप्टर ना उड़ने के चलते डीजीपी पंजाब से सड़क यात्रा की मंजूरी ली गई और इसके बाद ही सड़क यात्रा की योजना बनाई गई।
पंजाब में रोका गया मोदी का काफिला
पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार को हवाई मार्ग से बठिंडा पहुंचे थे, जहां से उन्हें हेलिकॉप्टर से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था लेकिन खराब मौसम के चलते वो सड़क के रास्ते से जाने लगे। प्रधानमंत्री हुसैनीवाला स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर जाने के लिए निकले तो उनके काफिले को एक फ्लाईओवर पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क ब्लॉक कर रोक लिया। प्रधानमंत्री 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहे। इसके बाद पीएम मोदी बठिंडा एयरपोर्ट से दिल्ली वापस लौट आए।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे पीएम की सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है। भाजपा भी इस मामले को लेकर पंजाब सरकार और कांग्रेस पर काफी हमलावर है। वहीं पंजाब सीएम ने मामले की जांच की बात की है लेकिन सुरक्षा में चूक से इनकार किया है। भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) ने पीएम का रास्ता रोका था।












Click it and Unblock the Notifications