PM मोदी ने की सविता साहू के ई-रिक्शे की सवारी, जानिए कौन है यह महिला
रायपुर। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर पहुंचे। यहां पर उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की। इस दौरान पीएम ने सविता साहू के ई-रिक्शे की सवारी की। पीएम मोदी ने इसका जिक्र ट्विटर पर भी किया। पीएम मोदी ने लिखा, 'आज मुझे सविता साहू जी के ई-रिक्शा पर सवारी का अवसर भी मिला। सविता जी के बारे में मुझे बताया गया कि उन्होने नक्सली-माओवादी हिंसा में अपने पति को खो दिया था। इसके बाद उन्होंने सशक्तिकरण का रास्ता चुना, सरकार ने भी उनकी मदद की और अब वो एक सम्मान से भरा हुआ जीवन जी रही हैं।'

पीएम मोदी ने बताई सविता साहू की कहानी
सविता साहू की कहानी बताते हुए पीएम मोदी ने राज्य के नक्सिलयों से हिंसा छोड़ने का आग्रह किया और कहा कि सरकार उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आपको बता दें कि, सविता साहु छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित क्षेत्र दंतेवाड़ा जिले में ई-रिक्शा चलाती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 40वें एपिसोड में सविता साहू का जिक्र किया था।

पीएम मोदी से दिल्ली में मिली थी सविता
आपको बता दें कि ई-रिक्शा योजना को दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी सेवा के नाम से चलाया जाती है। सविता साहू की पीएम मोदी से मुलाकात पहली बार 11 अक्टूबर को दिल्ली में एक प्रदर्शनी के दौरान हुई थी। दंतेवाड़ा की सविता साहू और गीदम ब्लॉक की कुंती यादव दिल्ली में नानाजी देशमुख की जन्मशती पर आयोजित प्रदर्शनी में स्टॉल लगाने पहुंचीं थी। जहां पर पीएम मोदी से मिली थी।और अपने बारे में बताया था। जिसके बाद पीएम मोदी ने उनकी कहानी का जिक्र मन की बात के 40वें एपिसोड में किया था।

पीएम मोदी ने आदिवासी महिला को पहनाईं चप्पलें
अंबेडकर जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर पहुंचे। जहां उन्होंने 'आयुष्मान भारत' योजना के तहत देश के पहले वेलनेस सेंटर के लॉन्च कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक आदिवासी महिला को मंच पर चप्पल भेंट की। चरण-पादुका (फुटवियर) योजना के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने इस आदिवासी महिला को चप्पल पहनाईं। इस योजना का लक्ष्य तेंदूपत्ता जमा करने वालों को चप्पलें उपलब्ध कराना है।












Click it and Unblock the Notifications