पिछले चार साल में बतौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बात का है अफसोस
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष का अपना पहला साक्षात्कार दिया है और उन्होंने इस दौरान कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान पीएम मोदी से जब पूछा गया कि 2014 में सत्ता संभालने के बाद आपको किस बात का सबसे ज्यादा अफसोस है तो पीएम ने इसका दिलचस्प जवाब दिया। पीएम ने कहा कि मैं कभी भी लुटियन के लोगों का दिल नहीं जीत सका और ना ही उनका हिस्सा बन पाया। पीएम ने कहा कि ना तो मैं लुटियन का हिस्सा बन पाया और ना ही उन लोगों ने मुझे अपनाया, इसे लेकर मैं चकित भी नहीं हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं नहीं चाहता कि ये लोग मेरा हिस्सा बने क्योंकि मेरी पृष्ठभूमि अलग है। मैं उच्च वर्ग से नहीं आता हूं, यही वजह है कि मैं कभी भी उनका दिल नहीं जीत पाया, मैं अभी भी इस तरह के लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहा हूं। वहीं जब पीएम मोदी से पूछा गया कि क्या आप अपने काम से संतुष्ट हैं तो उन्होंने कहा कि यह लोगों पर निर्भर है कि वह इसका फैसला करें कि क्या वह मेरे काम से संतुष्ट हैं या नहीं। मैंने अपने काम के हर मिनट का आनंद उठाया है, मैंने अपने काम को पूरी ईमानदारी से किया है।
वहीं पीएम से जब पूछा गया कि बतौर पीएम आपको सबसे अच्छा क्या लगा तो उन्होंने कहा कि मैं लोगों के लिए काम करता हूं और हर एक सेकेंड मैं इसे खुशी से करता हूं। न्यूज एजेंसी एएनआई को 95 मिनट के साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी और कई सवालों का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने राफेल डील, नोटबंदी, रिजर्व बैंक, उर्जित पटेल सहित तमाम सवालों का जवाब दिया ।
इसे भी पढ़ें- इतिहास में पहली बार केरल के सबरीमाला मंदिर में हुआ महिलाओं का प्रवेश, देखें वीडियो












Click it and Unblock the Notifications