रूस-ऑस्ट्रिया की यात्रा के बाद पीएम मोदी भारत लौटे, जानिए क्यों खास था दोनों देशों का दौरा
रूस और ऑस्ट्रिया की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत वापस आ गए हैं। पीएम मोदी ने ऑस्ट्रिया की यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। ऑस्ट्रिया में प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया, इस दौरान लोगों ने जमकर मोदी-मोदी के नारे लगाए। दोनों देशों की यात्रा के बाद पीएम मोदी आज दिल्ली पहुंच गए हैं।
ऑस्ट्रिया में प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रिया के चांसलर ने भव्य स्वागत किया, स्थानीय लोगों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी के साथ आतिथ्य किया, जिसके प्रति पीएम मोदी ने आभार जताया है।

ऑस्ट्रिया का आभार
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ऑस्ट्रिया की मेरी यात्रा ऐतिहासिक और बेहद उत्पादक रही है। दोनों देशों के बीच दोस्ती में नई ऊर्चा का संचार हुआ है। वियना में मैंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। चांसलर और ऑस्ट्रिया सरकार दोनों का इस आतिथ्य के लिए आभार।
वियना में पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि यह भारत और ऑस्ट्रिया के बीच 75 साल की दोस्ती का जश्न है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कोई भारतीय प्रधानमंत्री 41 साल बाद ऑस्ट्रिया की यात्रा कर रहा है।
ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर ने प्रधानमंत्री मोदी की राजकीय यात्रा के आयोजन में शामिल विभिन्न टीमों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके लिखा विदेश मंत्रालय, संघीय सेना, पुलिस, प्रोटोकॉल अधिकारियों और अन्य लोगों को उनकी पेशेवर योजना और निष्पादन के लिए धन्यवाद।
नेहमर ने कहा नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रिया जैसी बड़ी राजकीय यात्रा के लिए दर्जनों कर्मचारियों ने कई हफ्तों तक कड़ी मेहनत की। यात्रा के दिन सैकड़ों और कर्मचारी इसमें शामिल हुए।
पीएम मोदी की यात्रा का पहला पड़ाव रूस
दो देशों की यात्रा में पीएम मोदी का पहला पड़ाव रूस था,जहां उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद यह उनकी पहली मॉस्को यात्रा थी। रूस में मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को बताया कि यूक्रेन संघर्ष का समाधान युद्ध के ज़रिए नहीं हो सकता।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हिंसा के बीच शांति वार्ता अप्रभावी है। भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने के प्रयासों के लिए राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री को आधिकारिक तौर पर 'ऑर्डर ऑफ़ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' से सम्मानित किया। इस सम्मान की घोषणा सबसे पहले 2019 में की गई थी।
41 साल बाद भारत के पीएम का ऑस्ट्रिया दौरा
मॉस्को से मोदी ऑस्ट्रिया के लिए रवाना हुए और 41 साल में ऑस्ट्रिया का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए। वियना में उन्होंने ऑस्ट्रियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन और चांसलर कार्ल नेहमर से मुलाकात की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन शमन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications