Modi Kuwait Visit: पीएम नरेंद्र मोदी पहुंचे कुवैत, 43 साल बाद भारतीय PM का पहला दौरा, जानिए खास बातें
PM Narendra Modi Kuwait Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को कुवैत के अमीर शेख मिश्राल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा की निमंत्रण पर दो दिवसीय दौरे पर कुवैत पहुंचे। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का कुवैत का 43 वर्षों में पहला दौरा है। पीएम मोदी का यह दौरा कुवैत-भारत संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से है। यह यात्रा कुवैत के साथ आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
101 वर्षीय पूर्व IFS मंगल सेन हांडा से की मुलाकात
पीएम मोदी ने कुवैत सिटी में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस दौरान भारतीय संस्कृति का अद्वितीय प्रदर्शन किया गया, जिसे प्रधानमंत्री ने सराहा और उत्साहित होकर कलाकारों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत सिटी में 101 वर्षीय पूर्व भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी मंगल सेन हांडा से भी मुलाकात की।

यह एक भावुक और ऐतिहासिक क्षण था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने हांडा जी के साथ पुराने दिनों को याद किया और उनकी सेवा को सराहा। उन्होंने ने कुवैत सिटी में भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात की। वे भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे और उनका अभिवादन किया। भारतीय प्रवासी समुदाय ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया, और उनके साथ संवाद करते हुए, कुवैत में भारतीयों के योगदान की सराहना की।
गल्फ कप फुटबॉल की उद्घाटन समारोह में भी भाग लेंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरे के दौरान कुवैत के अमीर शेख मिश्राल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा से मुलाकात करेंगे, जहां दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, हाइड्रोकार्बन और रक्षा संबंधों पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। इसके अलावा, पीएम मोदी कुवैत में भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे और भारतीय प्रवासियों के योगदान को सराहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कुवैत में कुछ अहम कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। इनमें 'हाला मोदी' कार्यक्रम शामिल है, जिसमें 5000 भारतीय मूल के लोग पीएम मोदी से मिलेंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी गल्फ कप फुटबॉल की उद्घाटन समारोह में भी भाग लेंगे। कुवैत में भारतीय समुदाय के करीब 10 लाख लोग रहते हैं, जो वहां रहने वाले विदेशी लोगों में सबसे अधिक हैं।
मजदूरों के कैम्प जायेंगे मोदी, जहां गंवाई थी 45 भारतीयों ने जान
कुवैत में इस साल 12 जून को एक मजदूर कैंप में आग लगने से 50 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 45 भारतीय थे। पीएम मोदी इस कैंप का भी दौरा करेंगे। इसके बाद, वे कुवैत के बायन पैलेस में गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित होंगे और वहां अमीर शेख और क्राउन प्रिंस के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
यह भी पढ़ें दिल्ली चुनाव से पहले केजरीवाल ने शुरू की 'अंबेडकर स्कॉलरशिप योजना', अमित शाह पर साधा निशाना
कुवैत-भारत संबंधों को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा कुवैत-भारत संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से है। भारत और कुवैत के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, "भारत और कुवैत के बीच पारंपरिक रूप से गहरे संबंध हैं, जो इतिहास और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित हैं। भारत कुवैत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है, और इस यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को मजबूती मिलेगी।"
कुवैत, खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) का सदस्य है और भारत के लिए ऊर्जा, निवेश और व्यापार के लिहाज से महत्वपूर्ण साझेदार है। इस यात्रा से भारत और जीसीसी देशों के बीच संबंधों को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया जाएगा।
1961 में स्थापित हुए थे राजनयिक संबंध
भारत और कुवैत के बीच 1961 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे, और तब से दोनों देशों के बीच समुद्री व्यापार, मसाले, अनाज और कपड़े का आदान-प्रदान होता रहा है। कुवैत में भारतीय करेंसी में लेन-देन हुआ करता था, जिससे दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों का पता चलता है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा कुवैत-भारत के संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।












Click it and Unblock the Notifications