मंत्रियों को पीएम मोदी की नसीहत- बेवजह की बयानबाजी से बचें, समय से ऑफिस आएं, काम पर दें ध्यान
बेवजह की बयानबाजी ना करें, कोरोना को लेकर रखें ध्यान: मंत्रियों से PM मोदी
नई दिल्ली, 8 जुलाई: केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिमंडल के साथ बैठक की है। प्रधानमंत्री ने बैठक में मंत्रियों को को कई नसीहतें और सुझाव दिए हैं। पीएम ने बैठक में कोरोना वायरस महामारी को लेकर खासतौर पर ध्यान रखने की बात कही और लापरवाही से बचने को कहा। वहीं सभी मंत्रियों से मीडिया में बेवजह के बयान देने से बचने और समय से दफ्तर आने को भी पीएम ने कहा है। मंत्रियों से उन्होंने कहा कि अपनी उर्जा ऑफिस में मंत्रालय के कामकाज में लगाइए।

पीएम मोदी ने नए मंत्रियों को कहा कि आपके मंत्रालयों को जो पहले संभाल रहे थे, उनसे मिलकर इनके अनुभव का फायदा लें। पीएम ने कहा कि जो अब इसका हिस्सा नहीं हैं उन्होंने काफी योगदान दिया है और नए लोग उनसे सीख सकते हैं।
कोरोना को लेकर पीएम मोदी ने बैठक में कहा कि पिछले कुछ दिनों से हम तस्वीरों और वीडियो में देख रहे हैं कि सभी लोग भीड़-भाड़ वाली जगहों पर बिना मास्क और बिना सामाजिक दूरी बनाएं घूम रहे हैं। यह अच्छा नजारा नहीं है और इससे हममें डर की भावना पैदा होनी चाहिए। सभी को यह याद रखना चाहिए कि कोरोना का खतरा टला नहीं है। कई अन्य देशों में संक्रमण में वृद्धि देखी जा रही है। वायरस भी म्यूटेट कर रहा है। ऐसे समय में लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। पीएम ने महाराष्ट्र और केरल में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धी होने पर चिंता व्यक्त की है।
43 मंत्रियों ने ली है शपथ
बुधवार शाम हुए मंत्रिमंडल विस्तार में 43 मंत्रियों ने शपथ ली है। मोदी कैबिनेट में 36 नए चेहरों को शामिल किया गया है जबकि 7 मंत्रियों को प्रमोट करते हुए कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण राणे, सर्बानंद सोनोवाल, मनसुख मंडाविया जैसे नामों को कैबिनेट में शामिल किया गया है। केंद्र की मोदी सरकार में अब 77 (30 कैबिनेट मंत्री, 2 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 45 राज्य मंत्री) हैं।












Click it and Unblock the Notifications