Cyclone Biparjoy: बिपरजॉय को लेकर पीएम मोदी की हाई लेवल बैठक, स्थिति और निगरानी पर अधिकारियों से की समीक्षा
Cyclone Biparjoy को लेकर पीएम मोदी ने अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसमें उन्होंने तूफान की स्थिति और निगरानी पर चर्चा की।
Cyclone Biparjoy: चक्रवाती तूफान बिपरजॉय खतरनाक होता जा रहा है। ऐसे में हालातों की समीक्षा के लिए सोमवार को एक हाईलेवल मीटिंग की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात बिपरजॉय से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई।
चक्रवात बिपारजॉय को लेकर गुजरात समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। ऐसी स्थिति के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी ने एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों के साथ चक्रवात की स्थिति और निगरानी पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने दिए निर्देश
पीएमओ से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय करने का निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा कमजोर स्थानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रूप से निकाला जाए और बिजली, दूरसंचार, स्वास्थ्य, पेयजल आदि जैसी सभी आवश्यक सेवाओं का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगे नियंत्रण कक्षों के 24*7 कामकाज के लिए निर्देशित किया।
प्रधानमंत्री को चक्रवात से निपटने के लिए गुजरात सरकार द्वारा किए गए उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री स्तर पर जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठकें की जा चुकी हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य का पूरा प्रशासन तंत्र मुस्तैद है। साथ ही, कैबिनेट सचिव और गृह सचिव गुजरात के मुख्य सचिव और संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों/एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
तटीय इलाकों में जाने से रोक
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर सौराष्ट्र और कच्छ तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तूफान के कारण वलसाड में तेज हवा के साथ ऊंची लहरें उठती हुई दिखाई दे रही है। मुंबई में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। तटीय इलाकों के आस-पास लोगों के जाने पर पूरी तरह से रोक है।
एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद
वहीं एनडीआरएफ ने चक्रवात बिपरजॉय को लेकर कहा कि हमने एहतियात के तौर पर मुंबई में पहले से उपलब्ध तीन टीमों के अलावा दो टीमों को तैनात किया है। इसके अलावा, हमने 4 अन्य टीमों को गुजरात भेजा है। पुणे में भी हमारी टीमें तैयार हैं।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक चक्रवात बुधवार को सौराष्ट्र और कच्छ को क्रॉस कर जाएगा। इसका असर पाकिस्तान पर भी होगा और मांडवी और कराची के पास गुरुवार को पहुंचेगा और तब ये भयंकर रूप धारण कर चुका होगा।












Click it and Unblock the Notifications