पीएम मोदी ने किया ड्राइवरलेस मेजेंटा लाइन मेट्रो का उद्घाटन, मेट्रो में किया सफर
ये लाइन दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी मंदिर को सीधा नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से जोड़ेगी।
Recommended Video

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा में दिल्ली मेट्रो की नई मेजेंटा लाइन का उद्घाटन किया। मेट्रो का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा के बॉटनिकल मेट्रो स्टेशन पहुंचे। वहां यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। मेट्रो उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ मेट्रो में सफर किया। वो बॉटनिकल गार्डन स्टेशन से ओखला बर्ड सेंचुरी स्टेशन तक गए। उनके साथ राज्यपाल राम नाईक, सीएम योगी आदित्यनाथ और स्थानीय बीजेपी विधायक पंकज सिंह भी मौजूद रहे। ये लाइन दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी मंदिर को सीधा नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से जोड़ेगी।
बॉटनिकल गार्डन से कालकाजी खंड की लाइन पर नौ स्टेशन हैं। कालका मंदिर को छोड़ सभी स्टेशन एलीवेटेड हैं. कालकाजी से बोटेनिकल गार्डन आने वाले यात्री अपनी यात्रा के मौजूदा 52 मिनट के समय को अब मात्र 19 मिनट में पूरा कर सकेंगे। अभी तक यात्रियों को बॉटेनिकल गार्डन से पहले मंडी हाउस से ब्लू लाइन पकड़नी पड़ती थी और वहां से कालकाजी जाने के लिए वॉयलेट लाइन की ट्रेन पकड़नी होती थी. लेकिन, अब मेजेंटा लाइन का इस्तेमाल कर वे 19 मिनट में अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे। इस लाइन पर निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद ट्रेन बोटेनिकल गार्डन स्टेशन से जनकपुरी वेस्ट तक चलेगी।
गौरतलब है कि 2017 में प्रधानमंत्री द्वारा मेट्रो लाइन का यह तीसरा उद्धघाटन है। उन्होंने इस साल जून में कोच्चि मेट्रो और नवंबर में हैदराबाद मेट्रो को राष्ट्र को समर्पित किया था। दोनों मौके पर प्रधानमंत्री ने आमसभा को संबोधित करने वाले स्थान पर पहुंचने से पहले नई लाइन पर एक कम दूरी की यात्रा की थी।












Click it and Unblock the Notifications