देश की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पीएम ने सभी पार्टियों से मांगा सहयोग
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल से शुरु होने वाले बजट सत्र से पहले सभी विपक्षी पार्टियों से अपील की है कि इस सत्र को चलाने में वह सरकार की मदद करें। उन्होंने कहा कि देश बड़ी उम्मीद के साथ इस बजट को देख रहा है।

पीएम ने कहा कि सदन चलाना सभी पार्टियों का सामूहिक दायित्व है। मोदी ने सभी पार्टियों को आश्वस्त किया कि सदन में उठाए जाने वाले सभी मुद्दों पर उनकी महत्ता के अनुसार चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बजट सत्र बहुत महत्वपूर्ण है।
पीएम ने यह बात आज संसद भवन में बजट सत्र के मद्देनजर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के दौरान कही। गौरतलब है कि मोदी सरकार का यह पहला पूर्ण बजट है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले संसद के दोनों सदनों के विभिन्न दलों के नेताओं की सर्वदलीय बैठक बुलायी। यही नहीं नायडू ने खुद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से फोन पर बात भी की।
सर्वदलीय बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं सभी पार्टियों को विश्वास दिलाता हूं कि जो कोई भी मुद्दे उठाए जाएंगे, उन पर संसद में बहस की जाएगी। बैठक खत्म होने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि हम पूरी तरह से सरकार और प्रधानमंत्री के साथ हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि दोनों सदनों में सभी विषयों पर चर्चा होगी।
नायडू ने सोनिया गांधी से बात करने के बाद कहा कि मैंने सोनिया गांधी से कहा कि बजट सत्र सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करें। विपक्ष को किसी भी फैसले पर आपत्ति जाहिर करने का पूरा अधिकार है। वहीं उन्होंने कहा कि वह बजट सत्र को ठीक ढंग से चलाने में पूरा सहयोग करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications