Diwali पर PM मोदी ने कारगिल में जवानों के साथ गाया 'वंदे मातरम', अपने हाथ से खिलाई मिठाई, VIDEO
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कारगिल में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कारगिल में सशस्त्र बलों के सदस्यों के साथ 'वंदे मातरम' गाना गाया। दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कारगिल में सेना के जवानों को अपने हाथों से मिठाई भी खिलाई। दिवाली के अवसर पर सेना के जवानों को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''मेरे लिए तो वर्षों-वर्ष से मेरा परिवार आप ही सब हैं। मेरी दीपावली की मिठास आप के बीच बढ़ जाती है, मेरी दीपावली का प्रकास आपके बीच है और अगली दिवाली तक मेरा पद प्रशस्त करता है।'' पीएम मोदी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है मुझे वर्षों से दिवाली आपके बीच बॉर्डर पर आकर आपके साथ मनाने अवसर मिल रहा है।

दिवाली का अर्थ है आतंक के अंत के साथ उत्सव : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, पाकिस्तान के साथ एक भी लड़ाई ऐसी नहीं हुई है जहां कारगिल ने विजय ध्वज न फहराया हो। दिवाली का अर्थ है कि आतंक के अंत के साथ उत्सव। यही कारगिल ने भी किया था। कारगिल में हमारी सेना ने आतंक के फन को कुचला था और देश में जीत की ऐसी दिवाली मनी कि लोग आज भी उसे याद करते हैं।

एक राष्ट्र तब अमर होता है, जब...
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एक राष्ट्र तब अमर होता है जब उसकी संतानों को, उसके वीर बेटों और बेटियों को अपने सामर्थ्य पर परम विश्वास होता है। आपके वजह से देशवासी देश में चैन से रहते हैं, ये भारतवासियों के लिए खुशी की बात है।

दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है : पीएम मोदी
पीएम ने यूक्रेन यु्द्ध का जिक्र करते हुए कहा कि यूक्रेन युद्ध के दौरान हमने देखा कि कैसे हमारा राष्ट्रीय ध्वज वहां फंसे हमारे नागरिकों के लिए एक ढाल बन गया। दुनियाभर में भारत का सम्मान बढ़ा है। पीएम ने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि भारत अपने आंतरिक और बाहरी दुश्मनों के खिलाफ सफलता के साथ मोर्चा ले रहा है।












Click it and Unblock the Notifications