कांग्रेस सांसद अधीर रंजन के बार-बार टोकने पर पीएम मोदी ने सुनाई कहानी, कहा- जैसी मन की रचना वैसा.....
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के डंडे वाले बयान का जवाब दिया और कहा, मैंने कांग्रेस के एक नेता का कल वक्तव्य सुना कि 6 महीने में मोदी को डंडे मारेंगे। ये काम थोड़ा कठिन है, तो तैयारी में 6 महीने लगते ही हैं। मैंने भी तय किया है कि 6 महीने में सूर्य नमस्कार की संख्या बढ़ा दूंगा।

प्रधानंमत्री ने कहानी सुनाई
इस दौरान बार-बार कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी प्रधानमंत्री को टोक रहे थे। जिसके बाद प्रधानंमत्री ने एक कहानी सुनाई। प्रधानमंत्री ने कहा, एक बार कुछ लोग रेल में सफर कर रहे थे। एक संत बोला कि देखो पटरी से कैसी आवाज आ रही है, निर्जीव पटरी भी कह रही है प्रभु करदे बेड़ा पार। तभी दूसरा संत कहता है कि नहीं मुझे तो सुनाई दे रहा है प्रभु तेरी लीला अपार। पास बैठे मौलवी ने कहा कि मुझे तो अल्लाह तेरी रहमत सुनाई दे रहा है। साथ बैठा पहलवान कहता है कि मुझे खा रबड़ी, कर कसरत सुनवाई दे रहा है।

'अधीर जी आप समय तय कीजिए'
इसके बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसी मन की रचना होती है वैसा ही सुनाई देता है। प्रधानमंत्री ने अधीर रंजन चौधरी के बार-बार टोके जाने पर कहा, अधीर जी आप समय तय कीजिए। बोल लीजिए। मैं तब तक बैठ जाता हूं। क्योंकि आपके बोलने पर पीछे ये लोग हंस रहे हैं, अगर आपकी प्रतिष्ठा को झटका लगे तो मुझे ठीक नहीं लगेगा।

'तब मैं किरण रिजिजू को बधाई देता हूं'
प्रधानमंत्री मोदी ने फिट इंडिया मूवमेंट का जिक्र करते हुए अधीर रंजन पर तंज कसा। उन्होंने कहा, 'जब भी मैं अधीर रंजन चौधरी जी को सुनता और देखता हूं, तब मैं किरण रिजिजू को बधाई देता हूं। अधीर जी फिट इंडिया मूवमेंट को अच्छे से प्रमोट कर रहे हैं, जिसे किरण रिजिजू ने लॉन्च किया था। वह (अधीर रंजन चौधरी) अपने भाषण देते समय जिमिंग भी करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications