पीएम मोदी आज बेंगलुरु में करेंगे विशाल रैली को संबोधित, कई नेता, मंत्री भी करेंगे शिरकत
बेंगलुरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी 90 दिन की नव निर्माण परिवर्तन यात्रा निकाल रही थी, जिसका आज समापन हो रहा। इस यात्रा के समापन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी लोगों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी दोपहर में यहां पहुंचेंगे और पैलेस मैदान में शाम को रैली को संबोधित करेंगे। जानकारी के अनुसार इस रैली में पार्टी के हजारों कार्यकर्ता, आम लोग शिरकत करेंगे।

परिवर्तन यात्रा का समापन कार्यक्रम
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी को 28 जनवरी को यहां रैली को संबोधित करना था, लेकिन प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम की वजह से इसे 4 फरवरी तक के लिए टाल दिया गया था। 1 नवंबर को कर्नाटक में भाजपा की ओर से यह परिवर्तन यात्रा शुरू की गई थी जिसे 28 जनवरी को खत्म होना था, लेकिन इसे 4 फरवरी तक के लिए टाल दिया गया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए यहां की सुरक्षा को काफी बढ़ा दिया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि इस रैली में प्रधानमंत्री के भाषण को सुनने लाखों की संख्या में लोग आएंगे।
लोगों को भेजा गया निमंत्रण
कर्नाटक की भाजपा ईकाई ने सोशल मीडिया, फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप के जरिए इस रैली में आने वाले लोगों का रजिस्ट्रेशन करना शुरू कर दिया है, इन तमाम माध्यमों के जरिए लोगों को इस रैली में आने का न्योता दिया जा रहा है। इन लोगों की बैठने की व्यवस्था पहले से ही की गई है। माना जा रहा है कि कर्नाटक में अप्रैल या मई में चुनाव हो सकता है, इसी के मद्देनजर भाजपा ने यह परिवर्तन यात्रा निकाली थी, जोकि 224 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी थी, जिसकी शुरुआत पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने की थी।
कई नेता करेंगे शिरकत
इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह भी इस रैली में शामिल होंगे। उनके अलवा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल भी रैली में शामिल होंगे। साथ ही कर्नाटक के भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अनंत कुमार, डीवी सदानंद गौड़ा, अनंतकुमार हेगड़े भी इस रैली में शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे।
इसे भी पढ़ें- चंद्रबाबू नायडू ने बुलाई आपात बैठक, हो सकता है भाजपा के साथ गठबंधन के अंत का ऐलान












Click it and Unblock the Notifications