पीएम मोदी आज जाएंगे तेलंगाना, 13500 करोड़ रुपए की योजनाओं को करेंगे लॉन्च
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तेलंगाना के दौरे पर जा रहे हैं। वह यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। बता दें कि तेलंगाना में इस साल चुनाव होना है, ऐसे में प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है।
तेलंगाना में अपने दौरे को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि प्रदेश के लोग भारत राष्ट्र समिति की कमजोर शासन और अविश्वसनीय कांग्रेस से थक चुके हैं। बीआरएस और कांग्रेस परिवारवादी पार्टियां हैं, लोगों की सेवा करना इनका लक्ष्य नहीं है।

पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि मैं 1 अक्टूबर को तेलंगाना के महबूबनगर में एक रैली को संबोधित करूंगा। तेलंगाना के अपने दौरे पर पीएम मोदी कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इस दौरान पीएम 13500 करोड़ रुपए की योजनाओं का ऐलान करेंगे। ये प्रोजेक्ट अलग-अलग सेक्टर से जुड़े हैं, जिसमे मुख्य रूप से सड़क, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, रेलवे हैं।
पीएम मोदी नागपुर-विजयवाड़ा आर्थिक गलियारे की आधारशिला रखेंगे। इसमे वारंगल से एनएच-163जी के खम्मम खंत तक का 108 किलोमीटर लंबा फोर लेन का ग्रीनफील्ड मार्ग है, साथ ही 90 किलोमीटर की फोर लेन रोड़ है। इन योजनाओं की लागत 6400 करोड़ रुपए आएगी।
साथ ही पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कृष्णा स्टेशन से हैदराबाद-रायचूर-हैदराबाद ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन सेवा तेलंगाना के हैदराबाद, रंगारेड्डी, महबूबनगर, नारायणपेट जिलों को कर्नाटक के रायचूर शहर से जोड़ेगी। पीएम मोदी 2170 करोड़ रुपए की लागत से बनी हसन-चेरलापल्ली एलपीजी पाइपलाइन परियोजना को भी देश को समर्पित करेंगे। साथ ही हैदराबाद विश्वविद्यालय की पांच इमारतों का भी उद्घाटन करेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री आज स्वच्छता मिशन कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों से अपील की थी की महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासी 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे एक घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करें। आज तकरीबन 8 लाख से अधिक कार्यक्रम इसको लेकर आयोजित किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications