पीएम मोदी ने बहरीन के PM से की फोन पर बात, भारत आने का दिया न्योता
नई दिल्ली, 1 फरवरी: कोरोना महामारी के मुश्किल वक्त में भारत ने कई देशों की मदद की। साथ ही सरकार की कोशिश सभी मुल्कों से अच्छे संबंध बनाने की है। इसी क्रम में मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने बहरीन के पीएम प्रिंस सलमान बिन हमद अल खलीफा से फोन पर बात की। विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों नेताओं ने भारत और बहरीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। बातचीत के अंत में पीएम मोदी ने अपने समकक्ष को जल्द भारत आने का न्योता दिया।

वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने समकक्ष को बहरीन में कोरोना महामारी के दौरान भारतीय समुदाय की उत्कृष्ट देखभाल करने और उनकी सामाजिक, सांस्कृतिक जरूरतों को पूरा करने के लिए धन्यवाद दिया। इस पर क्राउन प्रिंस ने पीएम मोदी के जरिए भारत की जनता को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
इसके बाद दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा को लेकर चर्चा की और दोनों ने एक-दूसरे को आश्वासन दिया कि वो संबंधों को और मजबूत बनाएंगे। वहीं भारत और बहरीन 2021-22 में राजनयिक संबंधों की स्थापना की स्वर्ण जयंती मना रहे हैं। इस पर पीएम मोदी ने बहरीन पीएम को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वो उनका न्योता स्वीकार करते हुए जल्द ही भारत के दौरे पर आएंगे।
वैक्सीन को दी थी मान्यता
आपको बता दें कि पिछले साल भारतीय कंपनी भारत बायोटेक ने कोरोना वायरस के खिलाफ कोवैक्सीन का निर्माण किया था, जो दुनियाभर में धूम मचा रही है। पिछले साल नवंबर में ही बहरीन ने कोवैक्सीन को पूरी तरह से मान्यता दी थी। ऐसे में अब कोई शख्स कोवैक्सीन लेकर बहरीन जाता है, तो उसे नियमानुसार छूट मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications