PM Modi Speech: गुजरात में पीएम मोदी ने आपरेशन सिंदूर, सेना, विकसित भारत का किया जिक्र, भाषण की 10 बड़ी बातें
PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के गुजरात दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने दाहोद में एक जनसभा को संबोधित किया और कई विकास योजनाओं का उद्घाटन भी किया है। पीएम (PM Modi) ने जनसभा में गुजरात लौटने को घर लौटने जैसा अनुभव बताते हुए भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर की जमकर तारीफ की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं दिन-रात देश की सेवा में लगा रहता हूं। विपक्ष के लोग दिन-रात मुझे गाली देने में लगे रहते हैं।
PM Modi Speech: ऑपरेशन सिंदूर का किया जिक्र
पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने भारतीय सेना का पराक्रम देखा है। यह नए भारत की तस्वीर है और ऑपरेशन सिंदूर हमारी क्षमता और बदलते भारत की तस्वीर है। पीएम ने कहा कि आज 26 मई का दिन है और 2014 में मैंने इसी दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, 'आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनका ये हाल हो सकता है। आतंकियों ने पूरे भारत को चुनौती दी। भारत ने दिखा दिया कि सिंदूर मिटाने वाले का मिटना तय है।'
दुनिया में मेड इन इंडिया का जलवा'
पीएम मोदी ने कहा, 'दुनिया भर में आज मेड इन इंडिया का जलवा है। दुनिया के बाजार में भारत की अलग पहचान बनी है। विकसित भारत के लिए हम दिन-रात काम कर रहे हैं। हमारे बनाए रेल डिब्बे कई देश में जा रहे हैं। भारत स्मार्टफोन, हथियारों का निर्यात कर रहा है।'
विकसित भारत का किया जिक्र
पीएम मोदी ने विकसित भारत के सपने का जिक्र करते हुए कहा, 'आज देश निराशा के अंधकार से निकलकर विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है। आज हम 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को विकसित भारत बनाने के लिए जी-जान से जुटे हैं।'
'भारत बन रहा मैन्युफैक्चरिंग का हब'
पीएम मोदी ने कहा, 'देश की तरक्की के लिए जो कुछ भी चाहिए, वो हम भारत में ही बनाएं, ये आज के समय की मांग है। भारत आज तेज गति से मैन्युफैक्चरिंग की दुनिया में आगे बढ़ रहा है। देश की जरूरत के सामान का निर्माण हो या फिर दुनिया के अलग-अलग देशों में हमारे देश की बनी हुई चीजों का एक्सपोर्ट लगातार बढ़ रहा है।'
पीएम मोदी ने इस दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'मैं दिन-रात देश की सेवा में लगा रहता हूं। विपक्ष के लोगों के पास एक ही काम है दिन भर मोदी को गालियां देना। मैं विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर रहा हूं।'
विकास परियोजनाओं का किया जिक्र
पीएम ने गुजरात में 82,950 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। इनका जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें सबसे शानदार दाहोद की इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री है। 3 साल पहले मैं इसका शिलान्यास करने आया था। अब इस फैक्ट्री में पहला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बनकर तैयार हो गया है।'
'पिछले एक दशक में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ा'
पीएम ने कहा, 'गुजरात के आप सभी लोगों में मुझे भरपूर आशीर्वाद दिया और बाद में देश के कोटि-कोटि जनों ने भी मुझे आशीर्वाद देने में कोई कमी नहीं रखी। आपके आशीर्वाद की शक्ति से मैं दिनरात देशवासियों की सेवा में जुटा रहा। इन वर्षों में देश ने वो फैसले लिए जो अकल्पनीय और अभूतपूर्व हैं। इन वर्षों में देश ने दशकों पुरानी बेड़ियों को तोड़ा है। देश हर सेक्टर में आगे बढ़ा है।'












Click it and Unblock the Notifications