पीएम मोदी ने डच के प्रधानमंत्री से की बात, कृषि-टेक्नोलॉजी समेत कई मुद्दों पर चर्चा
नई दिल्ली, 13 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने डच (नीदरलैंड) समकक्ष मार्क रूट से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पानी पर रणनीतिक साझेदारी, कृषि के प्रमुख क्षेत्र में सहयोग और उभरते क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की संभावना समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। पीएम मोदी ने इस बातचीत के दौरान आश्वसन दिया कि भारत हर जरूरी मुद्दे पर डच का सहयोग करेगा। साथ ही भविष्य में दोनों के संबंध और मजबूत होंगे। वहीं डच पीएम रूट ने भी इस बातचीत पर खुशी जाहिर की है।

मामले में पीएमओ ने बयान जारी करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-नीदरलैंड द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। जिसमें जल पर रणनीतिक साझेदारी, कृषि के प्रमुख क्षेत्र में सहयोग, उच्च तकनीक और उभरते क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की संभावना शामिल है। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-यूरोपीय यूनियन के संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर भी बात की। जिसमें इंडो पैसिफिक रीजन का भी मुद्दा शामिल रहा।
पीएमओ ने कहा कि पीएम मोदी की यात्राओं और इस तरह की बातचीत से भारत-नीदरलैंड के संबंध पिछले कुछ सालों में मजबूत हुए हैं। दोनों प्रधानमंत्री 9 अप्रैल 2021 को एक वर्जुअल समिट में भी शामिल हुए थे। जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई थी। उसमें भी पानी पर रणनीतिक साझेदारी शुरू करने पर बात हुई थी।
वहीं दूसरी ओर डच प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी से एक बार फिर दोनों देशों की मजबूत साझेदारी पर बात करके अच्छा लगा। स्वाभाविक रूप से हमने यूक्रेन में युद्ध और कई मामलों पर इसके प्रभाव पर भी चर्चा की। इसके अलावा हमारी बातचीत में खाद्य सुरक्षा और सहयोग का मुद्दा भी शामिल रहा।
वहीं पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि मेरे प्रिय मित्र मार्क रूट से बात करके हमेशा खुशी होती है। पानी, कृषि और उच्च तकनीक क्षेत्रों में सहयोग पर हमारी रणनीतिक साझेदारी हमारे संबंधों में नए आयाम जोड़ती है। उनके साथ कई मुद्दों पर बात करके मुझे काफी खुशी हुई।












Click it and Unblock the Notifications