'मेरे देश के नौजवानों को विदेश न जाना पड़े, हम बनाएंगे ऐसी शिक्षा व्यवस्था', PM मोदी ने किया बड़ा ऐलान
PM Modi Independence Day 2024 Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को कहा कि उनकी सरकार ऐसी शिक्षा प्रणाली बनाना चाहती है जो युवाओं को पढ़ाई के लिए विदेश जाने से रोकेगी। पीएम मोदी ने कहा, ''नई शिक्षा नीति के अंतर्गत हम देश में ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करना चाहते हैं कि मेरे देश के नौजवानों को विदेश न जाना पड़े, मध्यमवर्गीय परिवारों को लाखों-करोड़ रुपये खर्च न करने पड़ें। हम यहां ऐसे संस्थानों का निर्माण करना चाहते हैं जहां विदेशों से लोग भारत आएं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''अभी-अभी हमने बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्निर्माण किया है। नालंदा विश्वविद्यालय ने फिर एक बार काम करना शुरू कर दिया है। लेकिम हमें शिक्षा के क्षेत्र में फिर एक बार सदियों पुराने उस नालंदा स्पिरिट को जगाना होगा, उस नालंदा स्पिरिट को जीना होगा, हमें उस नालंदा स्पिरिट को लेकर बड़े विश्वास के साथ विश्व के ज्ञान की परंपराओं को नई चेतना देने का काम करना होगा।''

PM मोदी ने कहा- हम 21वीं सदी के अनुरूप शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देना चाहते हैं
पीएम मोदी ने कहा, "हम 21वीं सदी के अनुरूप अपनी शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देना चाहते हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि मध्यम वर्ग के परिवारों को अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए विदेश भेजने के लिए लाखों रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे।
पीएम मोदी भारत में विदेशी छात्रों को आकर्षित करने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि विदेशी छात्र यहां आकर पढ़ाई करें।" इस पहल का उद्देश्य भारत को वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जो उच्च शिक्षा और शोध को बढ़ावा देता है।
PM मोदी ने कहा- अगले 5 सालों में 75,000 नई मेडिकल सीटें लाएंगे
पीएम मोदी ने अगले पांच वर्षों में 75,000 अतिरिक्त मेडिकल सीटें बनाने की योजना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कई भारतीय छात्र, खासकर मध्यम वर्ग के परिवारों के, मेडिकल शिक्षा के लिए विदेश जाते हैं और बहुत अधिक धन खर्च करते हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "हर साल लगभग 25,000 युवा मेडिकल शिक्षा के लिए विदेश जाते हैं, इसलिए हम 75,000 अतिरिक्त मेडिकल सीटें लाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications