BJP को 370 सीट, NDA को 400 पार, लोकसभा चुनाव से पहले ही पीएम मोदी ने की ये भविष्यवाणी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले ही चुनाव परिणामों को लेकर अपना अनुमान जाहिर कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका तीसरा कार्यकाल और भी बड़े फैसले लेने के लिए होगा।
बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए 'तीसरी बार 400 पार' का नारा दिया है। इसी तर्ज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए सोमवार को लोकसभा में बड़ी भविष्यवाणी कर दी है।

बीजेपी को 370 सीट, एनडीए को 400 पार- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, 'हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब बहुत दूर नहीं है। अधिक से अधिक 100-125 दिन बाकी हैं....अबकी बार...पूरा देश कह रहा है अबकी बार....खड़गेजी भी कह रहे हैं...मैं आमतौर पर इन आंकड़ों के चक्कर में नहीं पड़ता, लेकिन मैं देश का मिजाज देख रहा हूं....'
उन्होंने इससे आगे कहा, '...(देश का मिजाज) एनडीए को तो 400 पार करवा के ही रहेगा...लेकिन भारतीय जनता पार्टी को 370 सीट अवश्य देगा...बीजेपी को 370 सीट और एनडीए को 400 पार....'
तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का- प्रधानमंत्री मोदी
इसके साथ ही उन्होंने चुनावों से पहले बहुत बड़ा संकेत देने के अंदाज में कहा कि 'हमारा तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का होगा....मैं ने लाल किले से कहा था और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय भी दोहराया था....देश को अगले हजार वर्षों तक समृद्ध और सिद्धि के शिखर पर देखना चाहते हैं....तीसरा कार्यकाल अगले एक हजार वर्षों के लिए एक मजबूत नींव रखने वाला कार्यकाल होगा...'
देशवासियों के प्रति अपार विश्वास से भरा हूं- प्रधानमंत्री
पीएम मोदी बोले, 'मैं भारतवासियों के लिए, उनके भविष्य के लिए, बहुत ही विश्वास से भरा हुआ हूं। मुझे देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामर्थ्य पर अपार भरोसा है। मेरा बहुत विश्वास है।'
बिखरने लगा है इंडिया ब्लॉक
लोकसभा चुनावों की घोषणा में अब ज्यादा समय नहीं है। बीजेपी और मोदी सरकार के खिलाफ 28 विपक्षी दलों ने इंडिया ब्लॉक बनाया था। लेकिन, इतने दलों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही इसका साथ छोड़ चुके हैं।
वहीं तकरीबन हर राज्य में जहां कांग्रेस कमजोर है, उसे एक-एक सीट के लिए सहयोगियों के सामने हाथ पसारना पड़ रहा है। मतलब, जिस अंदाज में विपक्षी एकता के नाम पर भाजपा को घेरने की कोशिशें शुरू हुई थीं, वह विपक्षी गठबंधन चुनाव शुरू होने से पहले ही बिखरना शुरू हो चुका है।
ऐसे में जिस आत्मविश्वास के साथ पीएम मोदी ने अगले चुनावों के लिए भविष्यवाणी की है, वह बहुत कुछ कह रहा है।












Click it and Unblock the Notifications