'हम गोली का जवाब गोले से देंगे,' ऑपरेशन सिंदूर पर PM मोदी का बड़ा खुलासा, बताया अमेरिका से क्या हुई बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस का नेतृत्व करते हुए याद दिलाया कि कैसे भारत के आतंकवाद-रोधी अभियान के बाद पाकिस्तान ने युद्धविराम की गुहार लगाई थी। प्रधानमंत्री ने ये भी खुलासा किया कि इस दौरान अमेरिका से उनकी क्या-क्या बातचीत हुई।
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, '10 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत हो रहे एक्शन को रोकने की घोषणा की, इसे लेकर यहां भांति भांति की बातें की गईं। ये वहीं प्रोपेगेंडा है जो सीमा पार से यहां फैलाया गया है। कुछ लोग सेना द्वारा दिए गए तथ्यों की जगह पाकिस्तान के झूठे प्रचार को आगे बढ़ाने में जुटे हुए थे, जबकि भारत का रूख हमेशा स्पष्ट रहा है।'

PM मोदी ने बताया अमेरिका से क्या बातचीत हुई?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि, '9 तरीख की रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने मुझसे बात करने का प्रयास किया, वो घंटे भर कोशिश कर रहे थे लेकिन मेरी सेना के साथ बैठक चल रही थी, तो मैं कॉल उठा नहीं पाया, लेकिन बाद में मैंने कॉल बैक किया। फिर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जी ने मुझे बताया कि पाकिस्तान बहुत बड़ा हमला करने वाला है। इस पर मैंने कहा कि अगर पाकिस्तान का ये इरादा है, तो उसे बहुत महंगा पड़ेगा। अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो हम बड़ा हमला कर जवाब देंगे। आगे मैंने कहा था, 'हम गोली का जवाब गोले से देंगे।'
PM मोदी ने विपक्ष को लिया आड़े हाथों
पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे बताया कि, 'आतंकवादी रो रहे हैं, उनके आका रो रहे हैं और उन्हें रोता देख, यहां भी कुछ लोग रो रहे हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान एक खेल खेलने की कोशिश की, वह काम नहीं आया। एयर स्ट्राइक के दौरान, उन्होंने एक और खेल खेलने की कोशिश की। वह भी काम नहीं आया। जब ऑपरेशन सिंदूर हुआ, तो उन्होंने एक नई रणनीति अपनाई - 'आपने रुक क्यों दिया?' वाह रे बयान बहादुरों! आपको विरोध करने के लिए कोई न कोई बहाना चाहिए इसलिए सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि पूरा देश आप पर हंस रहा है।'
'कांग्रेस पाकिस्तान से मुद्दे आयात कर रही है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि, 'एक तरफ भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं कांग्रेस मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर होती जा रही है। दुर्भाग्य से, कांग्रेस पाकिस्तान से मुद्दे आयात कर रही है।'
कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'देश हैरान है कि कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी है। वे कह रहे हैं कि पहलगाम के आतंकवादी पाकिस्तान से थे। हमें इसका सबूत दीजिए। पाकिस्तान भी वही मांग कर रहा है जो कांग्रेस कर रही है।'












Click it and Unblock the Notifications