'गंभीर चिंता का विषय', राहुल-केजरीवाल के लिए 'पाकिस्तानी समर्थन', पीएम मोदी ने उठाए कई सवाल
Lok Sabha Election: पीएम मोदी ने पूर्व पाकिस्तानी मंत्री द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के समर्थन में पोस्ट करने पर चिंता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पाकिस्तान के पूर्व मंत्री के समर्थन वाले पोस्ट को लेकर कहा कि यह "गंभीर चिंता का विषय है और इसकी गहन जांच की जरूरत है।"
समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि कुछ चुनिंदा लोगों के समूह, जाहिर तौर पर जो हमारे खिलाफ दुश्मनी रखते हैं, उन्हें पाकिस्तान से समर्थन क्यों मिलता है, वहां से कुछ खास लोगों के लिए समर्थन की आवाजें क्यों उठती हैं।"

फवाद चौधरी ने राहुल गांधी की कि थी तारीफ
उन्होंने कहा कि भारत एक परिपक्व लोकतंत्र है और इस तरह का 'उकसाना' गंभीर चिंता का विषय है और इसकी गहन जांच की जरूरत है। बता दें, लोकसभा चुनावों के बीच, पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्री रहे पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने राहुल गांधी का एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वह (राहुल गांधी) भाजपा और पीएम मोदी की आलोचना कर रहे थे। वीडियो शेयर करते हुए फवाद ने एक्स पर लिखा था,"राहुल ऑन फायर"।
केजरीवाल ने चौधरी के पोस्ट पर किया था पलटवार
जबकि शनिवार को, लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के दौरान, चौधरी ने अरविंद केजरीवाल के द्वारा पोस्ट की गई फोटो को री-शेयर करते हुए लिखा,"शांति और सद्भाव नफरत और उग्रवाद की ताकतों को हराएं। #MorePower#IndiaElections2024।" हालांकि, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि भारत अपनी समस्याओं को हल करने में पूरी तरह सक्षम है और पाकिस्तानी नेता के समर्थन वाले ट्वीट की जरूरत नहीं है।
चौधरी के पोस्ट का जवाब देते हुए दिल्ली सीएम केजरीवाल ने लिखा, "चौधरी साहब, मैं और मेरे देश के लोग अपने मुद्दों से निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं। आपके ट्वीट की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान में इस वक्त हालात बेहद खराब हैं। आप अपने देश का ख्याल रखें।"
पीएम मोदी का कांग्रेस पर तंज
पीएम मोदी ने बिचौलियों को अनुमति देने के लिए राजीव गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा,"हमारी सरकार ने अब तक प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 38 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में स्थानांतरित किए हैं।"
उन्होंने आगे कहा,"अगर हम राजीव गांधी सरकार के समय की बात करें (जब 1 रुपये में से केवल 15 पैसे ही लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचते थे) तो बिचौलिए लगभग 25-30 लाख करोड़ रुपये हड़प लेते थे।" पीएम मोदी ने अपने शासन में प्रौद्योगिकी के जोर को समझाते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड को पारदर्शी और प्रशासन को अधिक कुशल बनाता है।












Click it and Unblock the Notifications