'हमारे लिए ये गर्व का पल', Operation Sindoor की सफलता पर पीएम मोदी ने थपथपाई सेना की पीठ
Operation Sindoor: भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार और बुधवार की रात को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पहलगाम हमले का बदला ले लिया। इंडियन आर्मी ने इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी इस हमले की जानकारी देने के लिए राष्ट्रपति से मुलाकात की और पूरे ऑपरेशन की ब्रीफिंग की। इसके साथ ही कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने सेना की तारिफ करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।

भारतीय खुफिया एजेंसियों और सैन्य सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे कुख्यात आतंकी संगठनों के प्रमुख अड्डे निशाने पर लिए गए। बहावलपुर स्थित जैश का मुख्यालय और मुरीदके स्थित लश्कर का बेस कैंप इस हमले में पूरी तरह तबाह हो गया। इस सटीक और लक्षित ऑपरेशन ने यह साफ संकेत दे दिया है कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ किसी भी स्तर की ढिलाई नहीं बरतेगा।
Operation Sindoor: प्रधानमंत्री ने की सशस्त्र बलों की सराहना
बुधवार, 7 मई की सुबह, ऑपरेशन की सफलता के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय कैबिनेट की एक अहम बैठक की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने भारतीय सशस्त्र बलों की रणनीतिक क्षमता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की खुलकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा, "देश हमारी तरफ आंख उठाकर देख रहा था...ये तो होना ही था।"
बैठक के दौरान पूरी कैबिनेट ने मेज थपथपाकर इस कार्रवाई का स्वागत किया। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इस दौरान दो टूक कहा कि उनकी सरकार आतंकवाद के प्रति "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर कायम है और भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Operation Sindoor: एनएसए और रक्षा मंत्री से अलग चर्चा
कैबिनेट बैठक के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अलग से भी मुलाकात की, जिसमें उन्होंने जमीनी हालात, खुफिया सूचनाओं और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
इस उच्चस्तरीय चर्चा में यह सुनिश्चित किया गया कि भारत की सीमाओं पर पूरी चौकसी बरती जा रही है और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों को सुरक्षा की मद्देनजर खाली कराया जा रहा है ताकि नागरिकों को सुरक्षित रखा जा सके।
Operation Sindoor: पहलगाम के मौत का बदला
'ऑपरेशन सिंदूर' न सिर्फ भारत की सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन है, बल्कि यह भारत की बदली हुई रक्षा नीति को भी दिखाता है। पिछले कुछ वर्षों में भारत की नीति 'रक्षात्मक प्रतिक्रिया' से हटकर 'आक्रामक प्रतिरोध' की ओर बढ़ी है, जिसमें पहले से कार्रवाई कर दुश्मन को आश्चर्यचकित कर देना मुख्य उद्देश्य होता है।
इस अभियान के दौरान प्रयोग किए गए मिसाइल और सटीक हमले यह दर्शाते हैं कि भारतीय सेना अब आधुनिक तकनीक और बेहतर खुफिया समन्वय के साथ काम कर रही है। यह ऑपरेशन न केवल सैन्य सफलता है, बल्कि कूटनीतिक रूप से भी एक संदेश है कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications