आत्मनिर्भर भारत की ओर बड़ा कदम, 5G के दौर में PM Modi ने किया स्वदेशी 4G नेटवर्क का उद्घाटन, जानिए पूरी डिटेल
PM Modi Launche BSNL 4G Network: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 27 सितंबर को अपने ओडिशा दौरे के दौरान झारसुगुड़ा, से भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की देशी तकनीक पर आधारित 4G नेटवर्क का उद्घाटन किया। यह अवसर BSNL के सिल्वर जुबली यानी 25 साल पूरे होने के मौके पर आया। इस लॉन्च को डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पहल भारत को उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल करती है, जो स्वदेशी टेलीकॉम उपकरणों का निर्माण करने में सक्षम हैं।

बता दें कि 97,500 से अधिक मोबाइल टॉवर्स का भी लोकार्पण किया, जिनमें से 92,600 4G साइट्स हैं। इन सभी टॉवर्स को लगभग ₹37,000 करोड़ की लागत से देशी तकनीक का उपयोग करके विकसित किया गया है।
5G के दौर में ग्रामीण भारत को मिला वरदान
इस नई 4G नेटवर्क पहल के तहत अनुमान है कि 20 लाख से अधिक नए सब्सक्राइबर जुड़ेंगे। इससे ग्रामीण भारत में डिजिटल भागीदारी बढ़ेगी और सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ावा मिलेगा। नए टॉवर्स सोलर पावर चालित होंगे, जो पर्यावरण के लिए भी लाभकारी हैं।
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि यह नेटवर्क क्लाउड-आधारित और भविष्य के लिए तैयार है, जिसे आसानी से 5G में अपग्रेड किया जा सकता है। यह पहल अब तक 26,700 से अधिक गांवों को डिजिटल रूप से जोड़ने में मदद करेगी, जिनमें दूरदराज और नक्सल प्रभावित इलाके भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने ओडिशा को भविष्य के विकास के लिए संसाधन-समृद्ध राज्य करार दिया और राज्य में सेमीकंडक्टर पार्क बनाने की योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाला दशक ओडिशा को समृद्धि की दिशा में बदलने वाला होगा।
स्वदेशी 4G स्टैक बना भारत की आत्मनिर्भरता की मिसाल
प्रधानमंत्री मोदी ने BSNL के स्वदेशी 4G स्टैक को भारत की यात्रा "निर्भरता से आत्मविश्वास की ओर" का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार, निर्यात और वित्तीय पुनरुत्थान को बढ़ावा मिलेगा। मोदी ने इस मौके पर यह भी कहा कि देशी तकनीक के विकास से टेलीकॉम सेक्टर में आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा और भारत वैश्विक स्तर पर इस क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करेगा।
BSNL की यह पहल न केवल दूरदराज के इलाकों को डिजिटल रूप से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि ग्रामीण भारत में डिजिटल सहभागिता और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सोलर पावर टॉवर्स और भविष्य के लिए तैयार नेटवर्क से भारत का टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर सतत और टिकाऊ बन सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications