पीएम मोदी का ओडिशा दौरा आज, IIT कैंपस सहित 15000 करोड़ की देंगे सौगात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे जहां वे करीब 15,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। सोमवार को ओडिशा के दौरे पर पीएम मोदी आईआईटी-भुवनेश्वर के नए कैंपस का उद्घाटन भी करेंगे। इस कैंपस का निर्माण 1660 करोड़ रु की लागत से हुआ है। इसके अलावा पीएम मोदी शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क व परिवहन से जुड़ी कई योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

परियोजनाओं का लोकार्पण करने के अलावा खुरदा के नजदीक पीएम मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यही नहीं, पीएम मोदी नए साल में जनवरी में दो बार ओडिशा का दौरा भी करेंगे। पीएम मोदी 5 जनवरी को बारीपदा में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इसके 11 दिन बाद 16 जनवरी को पश्चिमी ओडिशा में एक यात्रा करेंगे। पीएम मोदी के आज के दौरे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पीएम मोदी के दौरे के बाबत केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि 'पूर्वोदय' के जरिए सरकार का लक्ष्य ओडिशा जैसे राज्यों का तेजी से सामाजिक-आर्थिक विकास करना है और इन राज्यों को देश के सबसे विकसित राज्यों के बराबर लाना है। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर स्थानीय पार्टी नेताओं में उत्साह है और इनका कहना है कि ओडिशा में बीजेपी बड़ी जीत दर्ज करेगी।












Click it and Unblock the Notifications