बजट को लेकर केंद्र की चल रही है तैयारी, पीएम मोदी ने उद्योग जगत की कंपनियों के CEO से मांगे सुझाव
नई दिल्ली, दिसंबर 20। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन्हीं तैयारियों के बीच सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर उद्योग जगत की कई अलग-अलग कंपनियों के प्रमुख सीईओ के साथ मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में पीएम मोदी ने सभी कंपनियों के सीईओ से बजट को लेकर सुझाव मांगे हैं।

इस सेक्टर के सीईओ पीएम के साथ मीटिंग में हुए शामिल
प्रधानमंत्री के साथ मीटिंग में बैंकिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम, कंज्यूमर गुड्स, टेक्सटाइल, रिन्यूएबल, हॉस्पिटैलिटी, टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, स्पेस और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की कंपनियों के प्रमुख सीईओ शामिल हुए। आपको बता दें कि विभिन्न कंपनियों के सीईओ के साथ प्रधानमंत्री की ये दूसरी मुलाकात है। पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री ने इक्विटी एवं उद्यम पूंजी निवेशकों के साथ एक बैठक की थी जिसमें भारत को निवेश के लिहाज से अधिक आकर्षक बनाने के बारे में चर्चा की गई थी।
पीएमओ की तरफ से दी गई जानकारी
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस मीटिंग को लेकर कहा गया है, "जिस तरह देश ओलंपिक में पोडियम फिनिश करने की इच्छा रखता है, उसी तरह देश हमारे उद्योगों को हर क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष पांच में देखना चाहता है।"
प्रधानमंत्री के साथ मीटिंग के बाद कई कंपनियों के सीईओ ने अपनी प्रतिक्रिया में प्रधानमंत्री के विजन को बताया है।
- पीएम के साथ मीटिंग में शामिल हुए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज से सीईओ और एमडी राजेश गोपीनाथन ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से इस तरह की बातें देश को वर्तमान सफलता से आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करेंगी। गोपीनाथन ने आगे कहा कि अनुसंधान, नवाचार पर प्रधानमंत्री का सबसे अधिक फोकस है। क्षमता में उनका विश्वास है कि भारत को और आगे बढ़ना है। उन्होंने एक बहुत स्पष्ट विजन रखा कि हर उद्योग में, हर क्षेत्र में शीर्ष 5 में हमें होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications