पीएम मोदी ने लॉन्च की प्रधानमंत्री श्रम मानधन पेंशन योजना, जानिए किस-किसको मिलेगा फायदा
नई दिल्ली। गुजरात दौरे के दूसरे दिन आज पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री श्रम मानधन पेंशन योजना लॉन्च किया। प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना का शुभारंभ कर पीएम मोदी ने 11,51,000 लाभार्थियों तक 13,58,31,918 रुपये की धनराशि सीधे पेंशन खातों में ट्रांसफर की। इस योजना के तहत फेरी लगा कर सामान बेचने वाले, रिक्शा-ठेला चलाने वाले, दिहाड़ी मजदूरी करने वाले असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को 60 साल के बाद 3000 रुपये की मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा। वित्त मंत्रालय ने इस योजना के लिए 500 करोड़ रु आवंटित किए हैं।

3 हजार रुपए की पेंशन हर महीने मिलेगी
इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने वालों में गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट सबसे ऊपर हैं। श्रम मंत्रालय के मुताबिक, 40 साल तक के कामगार इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। वहीं 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद रजिस्टर्ड व्यक्ति को 3 हजार रुपए की पेंशन हर महीने मिलेगी। योजना में हर महीने 15 हजार रुपए कमाने वाले अंसगठित क्षेत्र के कामगार शामिल होंगे।

असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को मिलेगी पेंशन
इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश के लगभग 42 करोड़ श्रमिकों, कामगारों की सेवा में समर्पित है। आज हम सभी एक ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन रहे हैं। आज के इस कार्यक्रम का होस्ट गुजरात है, लेकिन इस कार्यक्रम में इस समय पूरे देश से करीब दो करोड़ लोग तकनीक के माध्यम से शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे ऐहसास है कि देश के करोड़ों गरीबों के मन में ये सवाल रहता था कि जब तक हाथ-पैर चलते हैं, तब तक तो काम भी मिल पाएगा, थोड़ा बहुत पैसा भी मिलेगा, लेकिन जब शरीर कमजोर हो जाएगा तब क्या होगा?'

वित्त मंत्रालय ने आवंटित किए हैं 500 करोड़ रु
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों के नाम पर वोट बटोरने वालों ने 55 साल तक देश में राज किया, लेकिन असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए कोई योजना नहीं बनाई। जिनके लिए गरीबी सिर्फ फोटो खिचवाने का खेल होता है, जिसे कभी भूखे पेट सोने का दर्द नहीं पता उसके लिए गरीबी एक मानसिक अवस्था होती है।












Click it and Unblock the Notifications