'भारत 2030 यूथ ओलंपिक, 2036 ओलंपिक की मेजबानी का इच्छुक', एशियाई पैरा एथलीटों से PM मोदी
Asian Para Games 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली में मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एशियाई पैरा खेलों में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों के साथ मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने एशियाई पैरा खेलों के दल के साथ बातचीत की। खिलाड़ियों से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण "एथलीट-केंद्रित" है।
वहीं खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत अपनी खेल संस्कृति और एक "खेल समाज" के रूप में भी बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक और कारण है कि भारत को आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मिला है।

खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने कहा कि हम 2030 यूथ ओलंपिक और 2036 ओलंपिक की मेजबानी करने की कोशिश कर रहे हैं। खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने कहा कि, "आप चीन में खेल रहे थे लेकिन मैं भी आपके साथ था। मैं हर पल आपकी हर गतिविधि, आपके प्रयासों, आत्मविश्वास को यहां बैठकर जी रहा था। आपने जिस तरह देश का मान बढ़ाया है, वह अभुतपूर्व है।"
खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाते हुए PM मोदी ने कहा, "यहां जो लोग इस खेल के लिए चयनित हुए उनमें से कोई वहां से जीतकर तो कोई सीख कर आया है, आपमें से एक भी हार कर नहीं आया है। खेल में दो ही चीज़ होती है- जीतना और सीखना।"
पीएम मोदी ने कहा, "2014 में एशियन पैरा गेम्स में भारत ने जितने मेडल जीते यह उससे 3 गुना ज्यादा है। 2014 की अपेक्षा में इस बार लगभग 10 गुना ज्यादा गोल्ड मेडल मिले हैं, 2014 में हम समग्र प्रदर्शन में 15वें स्थान पर थे लेकिन आपने इस बार देश को टॉप 5 में ला दिया है।"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि बाकी खेलों में जब एक खिलाड़ी मेडल लेकर आता है तो खेल की दुनिया और अन्य खिलाड़ियों के लिए वह प्रेरणा बनता है, लेकिन जब एक दिव्यांग जीतकर आता है तो वह सिर्फ खेल नहीं जीवन के हर क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन जाता है।"
वहीं मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में भारत के एशियाई पैरा खेल दल को संबोधित करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "पिछले 2 वर्षों में टोक्यो ओलंपिक, पैरा ओलंपिक से लेकर थॉमस कप, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स में 100 पार और अब पैरा खेलों में भी 100 पार करने का कीर्तिमान स्थापित हुआ है। अब तक सबसे ज्यादा मेडल हमने 2 साल में जीते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications