Karnataka: PM मोदी ने कर्नाटक में मेडिकल इंस्टीट्यूट का किया उद्घाटन, बोले- गरीबों को अब तक सिर्फ वोट समझा गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कर्नाटक में श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।

Karnataka News: पीएम नरेंद्र मोदी आज चुनावी राज्य कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राज्य की जनता को कई बड़ी सौगात दी हैं। इस क्रम में पीएम मोदी बेंगलुरु में चिक्काबल्लापुर जाकर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया समाधि का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
देश में मेडिकल एजुकेशन से जुड़े अनेक रिफॉर्म किए गए- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, 'आजादी के अमृत महोत्सव में देश ने विकसित होने का संकल्प लिया है। कई बार लोग पूछते हैं कि भारत इतने कम समय में वकसित कैसे होगा? इतनी चुनौतियां हैं, इतना काम हैं, ये इतने कम समय में ये कैसे पूरा होगा? इस सवाल का एक ही जवाब है सबका प्रयास।' 'बीते 9 सालों में भारत में भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बहुत ईमानदारी से, बहुत कुशलता से कार्य करने का प्रयास किया गया है। देश में मेडिकल एजुकेशन से जुड़े अनेक रिफॉर्म किए गए हैं।'
हमने देश में सस्ती दवाओं की दुकानों, जनऔषधि केंद्र खोले- पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि, 'चिक्काबल्लापुर की भूमि ने लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य प्रदान करके मानवता की सेवा के मिशन को पोषित किया है। ये उपलब्धियां अद्भुत रही हैं। साथ ही आज यहां जिस मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया जा रहा है, वह इस महान मिशन को और मजबूत करेगा।' 'हमारा प्रयास भारत के हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने का रहा है। हमने गरीब मिडिल क्लास के आरोग्य को प्राथमिकता दी है। हमने देश में सस्ती दवाओं की दुकानों, जनऔषधि केंद्र खोले हैं।'
पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि, 'गरीबों के हित में काम करने वाली हमारी सरकार ने कन्नड़ सहित सभी भारतीय भाषाओं में मेडिकल की पढ़ाई का विकल्प दिया है। लंबे समय तक देश में ऐसी राजनीति चली है जहां गरीबों को सिर्फ वोट बैंक समझा गया है। भाजपा सरकार ने गरीब की सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य माना है।'












Click it and Unblock the Notifications