प्रधानमंत्री मोदी ने 'यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25' का किया उद्घाटन, जनमानस को मिली बड़ी सौगात
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वारका सेक्टर 21 से नए मेट्रो स्टेशन 'यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25' तक दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का उद्घाटन किया।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कहा कि इस नए विस्तारित खंड पर यात्री परिचालन रविवार दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। इस खंड पर परिचालन शुरू होने से नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की कुल लंबाई 24.9 किलोमीटर हो जाएगी।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि नया स्टेशन द्वारका में शहरी संपर्क को बढ़ाने में योगदान देगा और केंद्रीय दिल्ली से आईआईसीसी तक की यात्री की सुविधा देगा। अभी वर्तमान में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर मेट्रो सेवाएं द्वारका सेक्टर 21 तक ही उपलब्ध हैं। यहां से दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के लिए भी मेट्रो सेवा ली जाती है।
नए स्टेशन के बनने से द्वारका सेक्टर 25 के आसपास के लोगों और पड़ोसी शहर गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ नए सेक्टरों में भी मेट्रो संपर्क प्रदान करेगा। इस स्टेशन का निर्माण पारंपरिक कट-एंड-कवर तकनीक का उपयोग करके किया गया है।
बताते चलें कि नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 तक की यात्रा में लगभग 21 मिनट का समय लगेगा। अधिकारियों ने कहा कि पहले एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के जरिये नई दिल्ली से द्वारका सेक्टर 21 के बीच की दूरी तय करने में करीब 22 मिनट का समय लगता था। अब ये समय सीमा घटकर मात्र 19 मिनट की रह जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications