Bengal Election: हुगली के तट से PM Modi ने शेयर की खूबसूरत तस्वीरें, मॉर्निंग वॉकर्स से की मुलाकात
PM Modi Hooghly Boat Ride: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के 'ऐतिहासिक' मतदान के अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग और शांत रूप देखने को मिला। शुक्रवार, 24 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री ने कोलकाता में हुगली नदी के तट पर समय बिताया।
हाथ में कैमरा थामे और लकड़ी की नाव पर सवार पीएम मोदी की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। प्रधानमंत्री ने खुद इन तस्वीरों को साझा करते हुए बंगाली संस्कृति और 'मां गंगा' के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

हर बंगाली की आत्मा में बहती है गंगा: PM मोदी
PM मोदी ने हुगली नदी की लहरों के बीच नाव की सवारी (Boat Ride) की और प्राकृतिक दृश्यों की फोटोग्राफी भी की। तस्वीरों के बैकग्राउंड में कोलकाता का प्रसिद्ध विद्यासागर सेतु साफ नजर आ रहा है।
अपने अनुभव को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा-"हर बंगाली के लिए गंगा का एक विशेष स्थान है। यह कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा के माध्यम से बहती है। आज सुबह कोलकाता में मुझे हुगली नदी के तट पर समय बिताने और माँ गंगा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर मिला।"
प्रधानमंत्री ने इस दौरान नदी किनारे टहलने आए मॉर्निंग वॉकर्स और वहां के मांझियों (Boatmen) से भी मुलाकात की। उन्होंने मांझियों के मेहनती स्वभाव की सराहना की और पश्चिम बंगाल की समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Bengal Election 2026 Phase 1 Voting: पहले चरण में रिकॉर्ड 92.59% मतदान
प्रधानमंत्री की यह यात्रा चुनावी गहमागहमी के बीच शांति के कुछ पल जैसी है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, बंगाल ने वोटिंग के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बता दें कि 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ, जिसमें रिकॉर्ड 91.35% वोटिंग दर्ज की गई।
भारी मतदान को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री का यह दौरा और हुगली के किनारे बिताए गए पल कई मायनों में खास माने जा रहे हैं। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक 95.22% मतदान हुआ, जबकि कूचबिहार में 95.17% और बीरभूम में 94.19% वोट पड़े।
Bengal Election में रिकॉर्ड मतदान के क्या हैं मायने ? क्या इस बार होगा सत्ता परिवर्तन'
पीएम मोदी ने इस भारी मतदान को परिवर्तन के लिए जबरदस्त जनादेश करार दिया है। उन्होंने कहा कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे, तो यह बंगाल में 'सिंडिकेट राज' की समाप्ति का दिन होगा। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भारी मतदान का स्वागत करते हुए दावा किया है कि टीएमसी पहले ही जीत की स्थिति में पहुंच चुकी है।
हुगली के तट पर पीएम मोदी की ये तस्वीरें केवल एक पर्यटक की सैर नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव की एक कोशिश भी मानी जा रही है। बेलूर मठ में प्रार्थना करने और गंगा के तट पर समय बिताने के बाद, पीएम मोदी अब अगले चरणों के प्रचार अभियान में जुटेंगे। बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है।












Click it and Unblock the Notifications