'चुनाव के लिए शराब की दुकानों से वसूले 700 करोड़', कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि उसने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान शराब की दुकान मालिकों से 700 करोड़ रुपए वसूले। पीएम ने कहा कि जब भी कांग्रेस सरकार में आती है तो प्रदेश सरकार शाही परिवार के लिए एटीएम बन जाती है। आजकल हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक कांग्रेस के शाही परिवार का एटीएम बना हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि आजकल लोग कह रहे हैं कि महाराष्ट्र में चुनाव के नाम पर कर्नाटक में वसूली चल रही है। महाराष्ट्र में चुनाव की वजह से कर्नाटक और तेलंगाना में वसूली अब दोगुनी हो गई है। सिद्धारमैया सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि लोग आरोप लगा रहे हैं कि कर्नाटक में शराब दुकान मालिकों से 700 करोड़ रुपए वसूले जा चुके हैं।

कांग्रेस की अगुवाई वाली महाविकास अघाड़ी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि महाविकास अघाड़ी भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं जानता है। इन लोगों ने कई करोड़ के घोटाले किए, फिरोती वसूली, लोगों से टोकन मनी वसूली। ये लोग ट्रांसफर, पोस्टिंग रैकेट, भ्रष्टाचार के लिए कुख्यात हैं।
प्रधानमंत्री ने जल संकट और सिंचाई घोटालों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर किसानों की परेशानियों की जड़ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कि देवेंद्र फडणवीस द्वारा शुरू की गई सिंचाई परियोजनाओं को महाविकास अघाड़ी ने रोक दिया था, लेकिन महायुति सरकार के तहत उन्हें फिर से शुरू किया गया है।
पीएम मोदी ने वान गंगा, नल गंगा और पान गंगा नदियों को जोड़ने की योजना को मंजूरी देने की घोषणा की, यह परियोजना लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली है जिसका उद्देश्य अमरावती और नागपुर सहित कई क्षेत्रों में पानी की कमी को दूर करना है।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले पांच महीनों में लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत का उल्लेख किया, जिसमें महाराष्ट्र में लगभग 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश से भारत का सबसे बड़ा बंदरगाह का निर्माण भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications