Navneet Rana: 'पीएम मोदी ही टारगेट पर हैं', जानिए कौन हैं अमरावती सांसद नवनीत राणा
Navneet Rana kaun hai: लोकसभा में विपक्ष के 'अविश्वास प्रस्ताव' के दौरान संसद में जबरदस्त बहस देखी गई। विपक्ष ने जब पीएम मोदी पर निशाना साधा तो पक्ष में बैठे लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया लेकिन विपक्ष के नेताओं पर बरसने वालों में निर्दलीय सांसद नवनीत राणा भी थीं, जिन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का तीखा विरोध किया और साफ तौर पर कहा कि 'ये प्रस्ताव मणिपुर के लिए नहीं बल्कि पीएम मोदी को टारेगट करने के लिए लाया गया है।'

उन्होंने कहा कि 'मणिपुर में महिलाओं के साथ जो भी हुआ वो गलत हुआ, उसके लिए दोषियों को जरूर सजा मिलनी चाहिए लेकिन ये सोचने वाली बात है कि मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना का वीडियो संसद सत्र के कुछ दिनों पहले ही क्यों वायरल किया गया?'
नवनीत राणा पर लगा है देशद्रोह का आरोप
नवनीत राणा ने आरोप लगाया कि 'कांग्रेस और विपक्षी दलों का मकसद मणिपुर या महिलाओं के प्रति संवेदना दिखाना नहीं बल्कि सिर्फ PM मोदी का विरोध करना है।' अपने इस बयान के बाद नवनीत राणा संसद से लेकर सोशल मीडिया पर चर्चित हो गई। वैसे ये कोई पहली बार नहीं कि नवनीत राणा सुर्खियों में आई हैं, इससे पहले भी वो कई बार अपने बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं। उन पर और उनके पति पर देशद्रोह का भी आरोप लग चुका है।
नवनीत कौर राणा का जन्म मुंबई में हुआ था
मालूम हो राजनेताओं पर सीधे वार करने वाली नवनीत राणा एक वक्त पर जानी-मानी मॉडल और एक्ट्रेस थीं। आपको बता दें कि नवनीत राणा का जन्म मुंबई के एक पंजाबी परिवार में हुआ था, उनके पिता सैन्य अधिकारी थी और इनकी स्कूली शिक्षा कार्तिका हाई स्कूल से हुई।
मॉडलिंग से शुरू हुआ था करियर
पढ़ाई पूरी करने के बाद नवनीत ने मॉडलिंग को करियर चुना और कई वीडियो एलबम में काम किया और इसी दौरान उन्हें तेलुगू फिल्मों में ब्रेक मिला और यहीं से इनकी फिल्मी करियर की शुरुआत हुई, नवनीत हिंदी, पंजाबी, कन्नड़, मराठी और मलयालम भाषा की अच्छी जानकार हैं और इसी कारण इन्हें क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में काम करने का मौका मिला।
निर्दलीय एमएलए रवि राणा से शादी की
उन्होंने 'यमडोंगा' ,'लव इन सिंगापुर' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। अपने करियर की पीक पर नवनीत की मुलाकात रवि राणा से हुई और फिर दोनों में प्यार हुआ और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
दोनों के साथ 3710 जोड़ों ने सात फेरे लिए थे
साल 2011 में नवनीत कौर ने बड़नेरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय एमएलए रवि राणा से शादी की, दोनों की शादी पूरे भारत में काफी चर्चा में रही क्योंकि इन दोनों के साथ 3710 जोड़ों ने भी सात फेरे लिए थे और ये सामूहिक विवाह कई दिनों तक मीडिया में सुर्खियों में रहा था।
पति हनुमान चालीसा को लेकर विवादों में रहे
शादी के कुछ वक्त बाद नवनीत की राजनीति में एंट्री हुई इन्होंने साल 2014 में एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन साल 2019 में इन्होंने अमरावती से निर्दलीय चुनाव लड़ा और शानदार जीत के साथ संसद पहुंची। साल 2021 में ये और इनके पति हनुमान चालीसा को लेकर विवादों में रहे थे।
शिवसैनिकों ने किया था हंगामा
दरअसल नवनीत ने उद्धव ठाकरे ( तब महाराष्ट् के सीएम थे) के घर पर हनुमान चालीसा का पाठ करने का ऐलान किया था, जिसके बाद भड़के शिवसैनिकों ने शहर में काफी हंगामा किया था, जिसके बाद पुलिस ने नवनीत राणा और उनके पति पर देशद्रोह का आरोप लगाकर अरेस्ट भी किया था। यहीं नहीं उन पर फर्जी तरीके से जाति प्रमाण पत्र हासिल करने के मामले में भी केस चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications