PM मोदी से जुड़ा फेसबुक का क्या है विवाद? जिसके लिए Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग को मांगनी पड़ी लिखित माफी

Mark Zuckerberg Apology: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो कुछ समय के लिए हटाए जाने के मामले में Meta ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के CEO मार्क जुकरबर्ग और Meta की ग्लोबल अफेयर्स टीम ने इस पूरे घटनाक्रम पर लिखित रूप से बिना शर्त माफी दी है। इसी के साथ केंद्र सरकार और Meta के बीच जवाबदेही को लेकर बातचीत भी तेज हो गई है।

IT मंत्रालय और Meta के अधिकारियों के बीच दो दिन की बैठक चल रही है। सरकार ने Meta की ग्लोबल टीम को दिल्ली बुलाया है, जहां कंपनी के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल कापलान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने IT सचिव एस. कृष्णन से मुलाकात की। ऐसे में आइए समझते हैं कि आखिर पूरा विवाद क्या है और यह इतना बड़ा मुद्दा क्यों बन गया।

Mark Zuckerberg Apology

लिखित माफी के बाद भी क्यों जारी है सरकार और Meta के बीच बैठक?

Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग और कंपनी की ग्लोबल अफेयर्स टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो हटने के मामले में लिखित रूप से बिना शर्त माफी दी है। इसके बावजूद सरकार इस मामले को केवल तकनीकी गलती मानने के बजाय सिस्टम की जवाबदेही के नजरिए से देख रही है। इसी वजह से IT मंत्रालय और Meta के बीच दो दिन की उच्चस्तरीय बैठक हो रही है। 5 अगस्त को पहले दिन Meta के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल कापलान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने IT सचिव एस. कृष्णन से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम पर जवाब दिया।

PM मोदी का वीडियो हटने से कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

23 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे छात्र आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उन्होंने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट की जरूरत पर जोर दिया था। यह वीडियो X और इंस्टाग्राम पर उपलब्ध रहा, लेकिन कुछ समय के लिए फेसबुक से हट गया। प्रधानमंत्री के आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट गायब होने के बाद मामला तुरंत सरकार के संज्ञान में आया और इसे गंभीर चूक माना गया।

Meta ने क्या सफाई दी और सरकार क्यों नहीं मानी?

वीडियो दोबारा बहाल करते हुए Meta ने कहा कि यह किसी कंटेंट पॉलिसी के कारण नहीं, बल्कि तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुआ था। कंपनी ने तत्काल माफी भी मांगी, लेकिन IT मंत्रालय ने इस जवाब को पर्याप्त नहीं माना। सरकार का कहना था कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट हटना साधारण तकनीकी त्रुटि नहीं हो सकती। इसलिए Meta से यह स्पष्ट करने को कहा गया कि ऐसी गलती कैसे हुई और भविष्य में इसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

ये भी पढे़ं: PM मोदी को 'गाली' देने वाली नोएडा की लड़की के साथ अब क्या हुआ? FIR को लेकर बड़ा अपडेट! किस हाल में जी रही?

मार्क जुकरबर्ग को अल्टीमेटम क्यों दिया गया था?

संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने कहा था कि केवल Meta इंडिया के अधिकारियों की माफी पर्याप्त नहीं होगी। समिति ने मांग की कि कंपनी के CEO मार्क जुकरबर्ग स्वयं तीन दिन के भीतर बिना शर्त माफी मांगें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो समिति Meta के खिलाफ सख्त कार्रवाई, यहां तक कि Safe Harbour सुरक्षा की समीक्षा की सिफारिश भी कर सकती है। इसके बाद जुकरबर्ग और Meta की ग्लोबल टीम ने लिखित माफी दी।

ये भी पढ़ें: Shraddha Singh कौन हैं? CJP प्रोटेस्ट में रील बनाने पर रेप-हत्या की धमकी, बोलीं- 'घर से निकलने में डर लगता है'

'Safe Harbour' क्या है और Meta के लिए इसका क्या मतलब है?

Safe Harbour सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को मिलने वाला कानूनी संरक्षण है। इसके तहत कंपनियां यूजर्स द्वारा पोस्ट किए गए हर कंटेंट के लिए सीधे जिम्मेदार नहीं मानी जातीं, यदि वे कानून के अनुरूप कार्रवाई करती हैं। अगर किसी प्लेटफॉर्म का Safe Harbour खत्म हो जाए, तो उस पर कंटेंट से जुड़े मामलों में सीधे कानूनी जिम्मेदारी तय हो सकती है। यही वजह है कि इस मामले में Safe Harbour का जिक्र Meta के लिए सबसे बड़ी कानूनी चेतावनी माना जा रहा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+