पीएम मोदी टीवी-पॉप कॉन्सर्ट में बोल सकते हैं, संसद में आकर क्यों नहीं बोलते: राहुल गांधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी के बाद देश में मची उहापोह की स्थिति पर पीएम नरेंद्र मोदी से संसद में आकर बोलने के लिए कहा है।
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी के बाद देश में मची उहापोह की स्थिति पर पीएम नरेंद्र मोदी से संसद में आकर बोलने के लिए कहा है।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री टीवी पर, पॉप कॉन्सर्ट में बोल सकते हैं पर वो संसद में आकर बयान क्यों नहीं दे रहे हैं। आपको बताते चलें कि विमुद्रीकरण के फैसले के बाद विपक्षी पार्टियां संसद के दोनों सदनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बयान देने की मांग कर रही हैं।
साथ ही यह भी कह रहीं हैं कि पीएम मोदी सिर्फ बोलते हैं पर किसी की सुनते नहीं हैं। राहुल गांधी ने पहले भी यह आरोप लगाया था कि पीएम मोदी खुद ही सारे निर्णय ले लेते हैं और अपने पार्टी के दूसरे नेताओं की भी नहीं सुनते हैं।
राहुल गांधी ने कहा था कि आज कल प्रधानमंत्री तो दूसरे लेवल पर हैं, वो ना अपने मंत्रियों से पूछते हैं ना किसी से बात करते हैं। जो उनके मन में आता है वो कर देते हैं! इस निर्णय से जो प्रधानमंत्री के 15-20 लोग हैं उनकी तिजोरी भरेगी, बैंक लोन माफ होंगे और हमारे गरीब लोग जो लाइन में लगे हैं उनका नुकसान होगा।
इस पर भाजपा नेता शाइना एनसी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं हैं। पीएम मोदी को सर्टिफिकेट देश देगा। शाइना एनसी ने कहा कि देश के लोग पीएम मोदी के साथ खड़े हुए हैं। वो जानते हैं कि यह देश हित में लिया गया निर्णय है।












Click it and Unblock the Notifications