राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में PM मोदी का नए अधिकारियों को संदेश, कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति को मत भूलिएगा
नई दिल्ली, 17 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी यानि लबासना के 96वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स के समापन समारोह में हिस्सा लिया और इस दौरान 2021 बैच के अधिकारियों को संबोधित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा इस बदले वैश्विक परिवेश में हमे अपनी भूमिका को बढ़ाना होगा। आने वाले सालों में आप लोग जिले को संभालेंगे, या कई सरकारी विभाग संभालेंगे। इस दौरान आपके दिमाग में आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक भारत का लक्ष्य हमेशा होना चाहिए। पीएम मोदी ने इस दौरान न्यू स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का भी उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब आप फैसले लें तो कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति को मत भूलिएगा। आपको फाइल और फील्ड के बीच के अंतर को समझते हुए काम करने की जरूरत है। आपको फील्ड में असल लोगों के बीच जाना होगा। जब आप फैसले लें तो तो समस्या की जड़ तक पहुंचने की कोशिश करिएगा, आखिर किस वजह से यह समस्या खड़ी हुई, इसकी वजह समझने की कोशिश करिएगा। जल्दबाजी में कोई फैसला मत लीजिएगा। हमेशा चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम करने की कोशिश करिएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के जिस मुकाम पर आज भारत है, पूरी दूनिया की नजरें हिंदुस्तान पर टिकी हैं। कोरोना से जो परिस्थितियां पैदा की हैं उसमे एक नया वर्ल्ड ऑर्डर उभर रहा है, इस मे भारत को अपनी भूमिका बढ़ानी है और तेज गति से अपना विकास भी करना है। पिछले 75 साल में हमने जिस रफ्तार से प्रगति की है उससे कई गुना तेज बढ़ने का अब समय है। जब आप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं तो आपको 21वीं सदी के सबसे बड़े लक्ष्य, आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक भारत के लक्ष्य को नहीं भूलना चाहिए। हमे इस अवसर को खोना नहीं है। मेरी आप लोगों से बहुत सारी अपेक्षाएं हैं।












Click it and Unblock the Notifications