कोलकाता में आज मंच साझा कर सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी और ममता बनर्जी
कोलकाता। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) पर तल्खी के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंच रहे हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री मोदी मंच साझा कर सकते हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ये जानकारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सूत्रों ने दी है।

इनका कहना है कि रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों नेता एक ही मंच पर दिखाई देंगे। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'हमें जहां तक पता है मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 12 जनवरी को कोलकाता के पोर्ट ट्रस्ट (केओपीटी) के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।'
बता दें केओपीटी के 150 साल पूरे होने के मौके पर रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ममता बनर्जी को आमंत्रित करने के लिए केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया शुक्रवार को निजी तौर पर राज्य सचिवालय भी गए थे। इस मुलाकात को लेकर विपक्षी माकपा के विधायक दल के नेता सुजान चक्रवर्ती ने निशाना साधा था और कहा था कि अब तृणमूल कांग्रेस का 'दोहरा मापदंड उजागर' हो गया है। वहीं ये भी संभावना है कि प्रधानमंत्री मोदी और ममता बनर्जी राजभवन में मुलाकात कर सकते हैं।
जिसपर लोगों की नजर रहेगी। सूत्र बताते हैं कि ममता भी बंगाल के विकास को लेकर केंद्र से समझौता कर सकती हैं। इसे पिछले दिनों राज्यपाल से चल रही तकरार को खत्म करने के प्रयासों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ये बात पहले ही कह चुकी हैं कि वह अपने राज्य में सीएए को लागू नहीं होने देंगी। साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों से हिंसा से भी दूर रहने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications